MENU

मंडलायुक्त की अध्यक्षता में सिटी ट्रांसपोर्ट बोर्ड की 34वीं बैठक सम्पन्न



 20/May/26

यातायात व्यवस्था को आधुनिक और सुगम बनाने पर हुआ मंथन

वाराणसी। एस राजलिंगम की अध्यक्षता में वाराणसी सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड बोर्ड की 34वीं बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में नगर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं आधुनिक बनाने के संबंध में विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में सार्वजनिक परिवहन सेवाओं के विस्तार, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, ई-बस संचालन तथा स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक के दौरान निदेशक मंडल की 33वीं बैठक के कार्यवृत्त के अनुमोदन पर चर्चा करते हुए टिकट बुकिंग हेतु क्यूआर कोड व्यवस्था को अपनाने की जानकारी दी गई। बताया गया कि यूपीआई पेमेंट के माध्यम से लगभग छह लाख रुपये प्राप्त हुए हैं तथा करीब 14 हजार लोग प्रतिमाह डिजिटल माध्यम से भुगतान कर रहे हैं।

बैठक में मिर्जामुराद से बाबतपुर, मारकण्डे महादेव एवं डीडीयू तक संचालित सिटी बस सेवाओं का अनुमोदन किया गया। साथ ही काशी दर्शन बस सेवा को IRCTC से जोड़ने का निर्णय भी लिया गया।

इलेक्ट्रिक बसों के लिए बनने वाले चार्जिंग स्टेशन सारनाथ एवं परेठ कोठी हेतु शीघ्र धनराशि प्राप्त करने के लिए नगरीय परिवहन निदेशालय से पत्राचार करने के निर्देश दिए गए।

वाराणसी शहर हेतु आवंटित 250 नई सिटी बसों में से 175 बसों के संचालन के लिए भूमि उपलब्ध कराने हेतु हिमांशु नागपाल को अधिकृत किया गया। वहीं स्मार्ट बस शेल्टर निर्माण के संबंध में पूर्ण बोरा ने एक माह के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण कराने का आश्वासन दिया।

आगामी 250 नई सिटी बसों के मार्ग निर्धारण के लिए एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान को अधिकृत किया गया है।

मंडलायुक्त एस राजलिंगम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु सभी योजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए वैकल्पिक मार्गों एवं यातायात सुधार संबंधी प्रस्तावों पर शीघ्र कार्यवाही के निर्देश भी दिए।

बैठक में नगर निगम, परिवहन विभाग, पुलिस विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की।

बैठक के अंत में मंडलायुक्त ने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जनहित में प्रभावी एवं आधुनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करने पर बल दिया।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

4397


सबरंग