MENU

दिशा समिति की बैठक सम्पन्न, विकास योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा



 20/May/26

विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं गति बनाए रखना आवश्यक : हरदीप सिंह पुरी

वाराणसी। दिशा (जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति) की बैठक आज सर्किट हाउस सभागार में हरदीप सिंह पुरी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं स्वच्छता से संबंधित योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से आम जनता को सीधा लाभ मिल रहा है तथा विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं गति बनाए रखना आवश्यक है।

उन्होंने निर्देश दिया कि योजनाओं के क्रियान्वयन एवं सफल संचालन के लिए संबंधित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं विधायकों से समन्वय बनाकर कार्य किया जाए। साथ ही आगामी छह माह का कार्य कैलेंडर तैयार कर संबंधित जनप्रतिनिधियों को अवगत कराने को कहा।

बैठक में सत्येंद्र कुमार ने जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने मनरेगा, प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना, श्यामा प्रसाद मुखर्जी रर्बन मिशन, ग्रामीण स्वरोजगार, सांसद आदर्श ग्राम योजना, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, परंपरागत कृषि विकास योजना तथा जल जीवन मिशन सहित कई योजनाओं की स्थिति से अवगत कराया।

जिलाधिकारी ने बताया कि पीएनजी कनेक्शन की वर्तमान प्रगति 100 कनेक्शन प्रतिदिन से बढ़ाकर 400 प्रतिदिन कर दी गई है और शीघ्र ही इसे 1000 प्रतिदिन तक बढ़ाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक घरों तक पाइपलाइन से गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। अगले दो महीनों में लगभग सभी घरों तक पाइपलाइन आपूर्ति का लक्ष्य पूरा करने की बात कही गई।

बैठक में वीरेंद्र सिंह ने वरुणा कॉरिडोर के कार्यों, उसकी वर्तमान प्रगति तथा उस पर खर्च हुए लगभग 400 करोड़ रुपये का मुद्दा उठाया। इस पर अध्यक्ष ने आरोपों की जांच कर अगली दिशा बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

सांसद वीरेंद्र सिंह ने निर्माणाधीन कमिश्नरी कंपाउंड, कमच्छा स्थित थियोसॉफिकल सोसाइटी की जमीन तथा डीएलडब्ल्यू स्थित गोल्फ कोर्ट के पीपीपी मॉडल का मुद्दा भी उठाया। इस पर अध्यक्ष ने जिलाधिकारी को तीनों परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी संबंधित सांसद को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

वहीं प्रिय सरोज ने करखियाव स्थित अमूल फैक्ट्री तथा त्रिलोचन बाईपास के पास चिन्हित ब्लैक स्पॉट का मुद्दा उठाया। इस पर अध्यक्ष ने एनएचएआई को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

बैठक में पिंडरा विधायक द्वारा जल जीवन मिशन ग्रामीण के कार्यों, जलापूर्ति तथा सड़कों के रिस्टोरेशन का मुद्दा भी उठाया गया, जिस पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

हिमांशु नागपाल ने स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत अब तक पूर्ण हुए 62 कार्यों की जानकारी दी। बैठक में लोहता क्षेत्र में सड़क निर्माण के बाद घरों में जलभराव एवं सीवर समस्या का मुद्दा भी उठा। इस पर जल निगम द्वारा नई एसटीपी निर्माण की जानकारी दी गई, जिस पर अध्यक्ष ने पूरी परियोजना का विस्तृत विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में वीरेंद्र सिंह, प्रिय सरोज, पूनम मौर्य, अशोक तिवारी, अन्नपूर्णा सिंह, डॉ अवधेश सिंह, त्रिभुवन राम, सौरभ श्रीवास्तव, डॉ सुनील पटेल समेत जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

8319


सबरंग