चंदौली / बरहनी। खबर यूपी के जनपद चंदौली के बरहनी विकास खंड अंतर्गत गुलाब पट्टी-अरौइया/भदखरी ग्राम सभा से है, जहां क्लाउन टाइम्स न्यूज़ के जिला संवाददाता हरिशंकर तिवारी ने गांव पहुंचकर विकास कार्यों, सरकारी योजनाओं और पंचायत व्यवस्था की जमीनी हकीकत की जानकारी ली।
ग्राम प्रधान बुद्धि राम के प्रतिनिधि अरुण सिंह ने बताया कि यह एक राजस्व ग्राम सभा है, जिसके अंतर्गत गुलाब पट्टी, अरौइया तथा भदखरी तीन गांव आते हैं। ग्राम सभा की कुल आबादी लगभग 2800 से 3000 के बीच है, जिसमें करीब 40 प्रतिशत महिलाएं तथा 60 प्रतिशत पुरुष निवास करते हैं। वहीं मतदाताओं की संख्या लगभग 2200 है, जबकि औसतन 1800 वोट पड़ते हैं।
उन्होंने बताया कि ग्राम सभा में दलित समुदाय की आबादी सबसे अधिक है, जबकि पिछड़ा एवं सामान्य वर्ग के लोग भी बड़ी संख्या में निवास करते हैं। गांव की साक्षरता दर लगभग 75 प्रतिशत है। रोजगार के क्षेत्र में करीब 30 प्रतिशत लोग मजदूरी पर निर्भर हैं, जबकि 65 प्रतिशत आबादी कृषि कार्य से जुड़ी हुई है।
अरुण सिंह ने बताया कि ग्राम सभा से राजस्व विभाग, रेलवे, पुलिस, सेना समेत कई सरकारी विभागों में लोग कार्यरत हैं। साथ ही गांव के युवाओं ने भी विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाई है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 के पंचायत चुनाव में ग्राम प्रधान बुद्धि राम लगभग 350 वोटों से विजयी हुए थे। उन्हें कुल 700 वोट प्राप्त हुए थे, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी दुलारे राम दूसरे स्थान पर रहे थे।
सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए प्रधान प्रतिनिधि ने बताया कि ग्राम सभा में लगभग सभी पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बन चुके हैं। वहीं 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के लिए दोबारा शुरू की गई योजना का लाभ भी अधिकांश लोगों को मिल चुका है।
उन्होंने कहा कि पंचायत एक्ट लागू होने के बाद लंबे समय तक गांव में कोई ठोस विकास कार्य दिखाई नहीं दिया। गांव में सार्वजनिक तालाब नहीं था तथा काली माता मंदिर की भूमि पर अवैध कब्जा था, जिसे प्रशासन की मदद से खाली कराया गया। इसके बाद वहां सार्वजनिक तालाब का निर्माण कराया गया, जिससे महिलाओं को छठ पूजा एवं जिउतिया जैसे पर्व मनाने में सुविधा मिल रही है।
इसके अलावा वर्षों से विवादित पड़ी जमीन को भी प्रशासन की मदद से खाली कराकर वहां जल निगम की टंकी बनवाई गई, जिससे ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।
विकास कार्यों की चर्चा करते हुए अरुण सिंह ने बताया कि मनरेगा योजना के तहत लगभग 800 मीटर आरसीसी सड़क तथा करीब 1300 मीटर इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया गया है। ग्राम सभा में कुल 382 जॉब कार्ड धारक हैं। वहीं मुख्यमंत्री विकलांग आवास योजना के तहत 4 लोगों को लाभ मिला है। इसके अलावा 49 वृद्धा पेंशन तथा 34 विधवा पेंशन स्वीकृत कराई गई हैं।
राशन कार्ड योजना के तहत लगभग 60 प्रतिशत लोगों को अंत्योदय योजना तथा 40 प्रतिशत लोगों को पात्र गृहस्थी योजना का लाभ मिल रहा है।
अंत में प्रधान प्रतिनिधि अरुण सिंह ने कहा कि ग्राम सभा के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। यदि जनता उन्हें दोबारा मौका देती है तो गांव में और बेहतर विकास कार्य कराए जाएंगे।