वाराणसी विकास प्राधिकरण द्वारा ग्राम कल्लीपुर, परगना कसवार राजा, तहसील राजा तालाब, वाराणसी में “आनंद काशी” टाउनशिप के नाम से लगभग 250 एकड़ क्षेत्रफल में आवासीय एवं बहुउद्देशीय योजना विकसित की जा रही है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के प्रथम चरण में लगभग 150 एकड़ भूमि पर विकास कार्य प्रस्तावित है, जिसके लिए भूमि क्रय एवं लैंड पूलिंग के माध्यम से भू-अवाप्ति की कार्यवाही की गई है।
आज दिनांक 15.05.2026, शुक्रवार को परियोजना स्थल का स्थलीय निरीक्षण मण्डलायुक्त एस. राजलिंगम, प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा एवं अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा द्वारा किया गया तथा परियोजना की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि “आनंद काशी” टाउनशिप हेतु अब तक लगभग 135 एकड़ से अधिक भूमि का अधिग्रहण रजिस्ट्री के माध्यम से किया जा चुका है, जबकि लगभग 15 एकड़ भूमि लैंड पूलिंग के माध्यम से प्राप्त हुई है। परियोजना के अंतर्गत किसानों को अब तक लगभग ₹550 करोड़ से अधिक का मुआवजा वितरित किया जा चुका है।
परियोजना का कुल प्रस्तावित क्षेत्रफल 250 एकड़ है, जिसमें प्रथम चरण का क्षेत्रफल 150 एकड़ तथा अनुमानित लागत लगभग ₹1110 करोड़ है। वर्तमान में परियोजना स्थल पर अवाप्त भूमि के आमेलन एवं समतलीकरण की कार्यवाही प्रगति पर है। साथ ही, उत्तर प्रदेश रियल एस्टेट विनियामक प्राधिकरण (UPRERA) में परियोजना के पंजीकरण की कार्यवाही भी गतिमान है।
निरीक्षण के दौरान मण्डलायुक्त महोदय ने निर्देश दिए कि “आनंद काशी” टाउनशिप को “काशी थीम” पर आधारित आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं विश्वस्तरीय मॉडल टाउनशिप के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने कहा कि लगभग 30 वर्षों के बाद वाराणसी में पूर्णतः गेटेड एवं आधुनिक सुविधाओं से युक्त टाउनशिप विकसित की जा रही है, जिसमें 80 से 100 फीट चौड़ी सड़कें एवं उच्च स्तरीय आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
प्रस्तावित टाउनशिप काशी की सांस्कृतिक विरासत एवं आधुनिक शहरी विकास का समन्वित स्वरूप होगी । परियोजना में वाराणसी की आध्यात्मिक एवं स्थापत्य पहचान से प्रेरित डिज़ाइन, स्थानीय सामग्रियों एवं पारंपरिक शिल्प कौशल का उपयोग करते हुए आधुनिक नगर नियोजन के साथ पारंपरिक स्वरूप का समावेश किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त परियोजना को स्मार्ट एवं फ्लेक्सिबल शहरी प्रणाली के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसमें सौर ऊर्जा आधारित रूफटॉप सिस्टम, एलईडी स्ट्रीट लाइटिंग, स्मार्ट मीटरिंग प्रणाली, एसटीपी, दोहरी पाइपलाइन व्यवस्था, सतत उपयोगिता एवं कनेक्टिविटी निगरानी प्रणाली, स्मार्ट बिन, इंटीग्रेटेड डैशबोर्ड तथा एयर क्वालिटी सेंसर जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
मण्डलायुक्त महोदय द्वारा निर्देशित किया गया कि परियोजना से संबंधित समस्त कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाए तथा “आनंद काशी” टाउनशिप को पूर्वांचल क्षेत्र की एक उत्कृष्ट एवं आदर्श मॉडल टाउनशिप के रूप में विकसित किया जाए।