मुख्यमंत्री योगी के ‘ग्रीन गवर्नेंस’ मॉडल को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम
वाराणसी, 13 मई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से की गई ईंधन बचत, ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा की अपील अब उत्तर प्रदेश में व्यापक जनअभियान का रूप लेती दिखाई दे रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुपालन में उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) कार का उपयोग शुरू कर दिया है। इसे प्रदेश सरकार की पर्यावरण हितैषी नीतियों को जमीनी स्तर पर लागू करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक पहल माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार “ग्रीन इंडिया”, ऊर्जा संरक्षण, स्वदेशी संसाधनों के उपयोग और पेट्रोल-डीजल की बचत को लेकर देशवासियों को जागरूक करते रहे हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रदेश में ऊर्जा बचत और सरकारी संसाधनों के संयमित उपयोग को लेकर कई अहम निर्देश जारी किए हैं। सरकार ने मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों के काफिलों में 50 प्रतिशत तक कटौती करने तथा अनावश्यक वाहनों के उपयोग को सीमित करने का निर्णय लिया है।
इसी अभियान को आगे बढ़ाते हुए आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने इलेक्ट्रिक वाहन अपनाने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और ईंधन बचत आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “ग्रीन इंडिया” विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पर्यावरण अनुकूल नीतियों से प्रेरित होकर उन्होंने EV वाहन का उपयोग शुरू किया है।
डॉ. दयालु ने कहा कि आने वाले समय में वे अपने दैनिक जीवन में भी कई अन्य पर्यावरण हितैषी बदलाव अपनाएंगे, ताकि समाज में स्वच्छ ऊर्जा, ईंधन बचत और हरित जीवनशैली के प्रति सकारात्मक संदेश जाए। उन्होंने कहा कि जब जनप्रतिनिधि स्वयं इस दिशा में पहल करेंगे, तभी समाज में व्यापक जागरूकता पैदा होगी और यह अभियान जनआंदोलन का रूप ले सकेगा।
वाराणसी में जनसंपर्क अधिकारी गौरव राठी द्वारा जारी विज्ञप्ति में आयुष मंत्री ने काशीवासियों एवं प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक इलेक्ट्रिक वाहनों और ऊर्जा बचत उपायों को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, हरित और प्रदूषणमुक्त उत्तर प्रदेश के निर्माण के लिए जनसहभागिता बेहद आवश्यक है।
PM Modi Fuel Saving Appeal, EV Car Uttar Pradesh, Dr Dayashankar Mishra Dayalu, Green Governance UP, Electric Vehicle Varanasi, Ayush Minister EV Car, Yogi Adityanath Green Initiative, Fuel Saving Campaign India, Environment Protection UP, Electric Vehicle News Hindi
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत अपील के अनुपालन में यूपी के आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने EV कार अपनाई। जानिए ग्रीन गवर्नेंस और पर्यावरण संरक्षण को लेकर उनका संदेश।