MENU

एनटीए के खिलाफ विद्यार्थी परिषद का प्रदर्शन, पेपर लीक मामलों पर की सख्त कार्रवाई की मांग



 13/May/26

वाराणसी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, वाराणसी महानगर के कार्यकर्ताओं ने एनटीए के विरोध में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ परिसर में पुतला दहन कर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं के खिलाफ नाराजगी जताते हुए दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कहा गया कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। वर्षभर कठिन परिश्रम करने के बावजूद परीक्षा रद्द होने से छात्र-छात्राओं का मनोबल टूट रहा है।

कार्यकर्ताओं ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। साथ ही यह भी कहा गया कि यदि परीक्षा आयोजन में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं की जा सकती, तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं।

प्रदर्शन में छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए कहा गया कि अभिभावक अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए भारी आर्थिक भार उठाते हैं, ऐसे में पेपर लीक जैसी घटनाएं उनके सपनों को तोड़ने का काम कर रही हैं।

कार्यक्रम में गुरु प्रकाश सिंह, अंकुर तिवारी, प्रियांशु वर्मा, राहुल पाण्डेय, शुभम तिवारी, प्रियांशु सिंह, विशाल सिंह, अतुल उपाध्याय सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

1754


सबरंग