MENU

वाराणसी में 500 बेडेड सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का निर्माण शुरू, पूर्व मंत्री विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने किया भूमि पूजन



 11/May/26

कबीरचौरा स्थित श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय चिकित्सालय बनेगा हाईटेक हेल्थ सेंटर, हार्ट, कैंसर और न्यूरो मरीजों को मिलेगी अत्याधुनिक सुविधा

वाराणसी, 10 मई 2026। काशी के प्रसिद्ध कबीरचौरा अस्पताल के नाम से पहचान रखने वाले श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय चिकित्सालय को अब अत्याधुनिक 500 बेडेड मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के रूप में विकसित किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का विधिवत भूमि पूजन पूर्व मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने पूजा-अर्चना के साथ किया।

करीब 315.48 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह हाईटेक अस्पताल पूर्वांचल के स्वास्थ्य क्षेत्र में नई क्रांति लाने वाला माना जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में काशी दौरे के दौरान इस परियोजना का शिलान्यास किया गया था, जिसके बाद अब निर्माण कार्य औपचारिक रूप से शुरू हो गया है।

डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि यह परियोजना केवल भवन निर्माण नहीं बल्कि पूर्वांचल की स्वास्थ्य व्यवस्था को आधुनिक और सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि अस्पताल को विश्वस्तरीय तकनीक और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस किया जाएगा ताकि गरीब और जरूरतमंद मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके।

150 साल पुराने अस्पताल का होगा आधुनिक पुनर्निर्माण

वर्ष 1870-75 के दौरान स्थापित श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय चिकित्सालय* लंबे समय से पूर्वांचल के लाखों मरीजों के उपचार का प्रमुख केंद्र रहा है। अब पुराने भवनों को हटाकर यहां आठ मंजिला सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का निर्माण किया जाएगा। दो टावरों वाले इस परिसर में अत्याधुनिक मशीनें, हाईटेक लैब और आधुनिक ऑपरेशन थिएटर बनाए जाएंगे।

मरीजों को मिलेंगी एम्स जैसी सुविधाएं

नए अस्पताल में हार्ट, कैंसर, न्यूरो, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी और प्लास्टिक सर्जरी जैसी सुपर स्पेशियलिटी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। गंभीर मरीजों के इलाज के लिए 50 से अधिक ICU बेड और 100 से ज्यादा HDU बेड बनाए जाएंगे। इसके अलावा 20 बेड का आधुनिक डायलिसिस सेंटर भी विकसित किया जाएगा।

अस्पताल में ओपीडी, आईपीडी, प्राइवेट वार्ड, इमरजेंसी यूनिट, पैथोलॉजी, ब्लड बैंक, बर्न वार्ड, डे केयर यूनिट और अत्याधुनिक CSSD सुविधा भी होगी। बच्चों के लिए अलग चाइल्ड यूनिट और महिला अस्पताल में पीडियाट्रिक ICU विकसित करने की योजना भी तैयार की गई है।

पूर्वांचल के लाखों मरीजों को मिलेगा लाभ

डॉ. नीलकंठ तिवारी ने बताया कि वर्तमान में अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन 2 से 4 हजार मरीज पहुंचते हैं। वाराणसी के अलावा पूर्वांचल, बिहार, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ से भी बड़ी संख्या में मरीज यहां इलाज के लिए आते हैं। नए सुपर स्पेशियलिटी सेंटर के बनने से बीएचयू अस्पताल पर मरीजों का दबाव कम होगा और लोगों को समय पर बेहतर इलाज मिल सकेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच के कारण काशी में स्वास्थ्य सेवाओं का नया युग शुरू हो रहा है और आने वाले समय में यह अस्पताल पूर्वांचल की सबसे आधुनिक सरकारी स्वास्थ्य संस्था के रूप में पहचान बनाएगा।

600 वाहनों की पार्किंग और हाईटेक सुविधाएं

मरीजों और तीमारदारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नए परिसर में 600 से अधिक वाहनों की पार्किंग व्यवस्था भी विकसित की जाएगी। अस्पताल में लॉन्ड्री, किचन, कैफेटेरिया, स्किल्ड लैब, फिजियोथेरेपी, मानसिक रोग विभाग, आयुष यूनिट और जेरियाट्रिक मेडिसिन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी।

भूमि पूजन कार्यक्रम में सीएमओ, सीएमएस, चिकित्सालय प्रशासन के अधिकारी, डॉक्टर, पार्षद और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

1644


सबरंग