MENU

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पर अमर्यादित टिप्पणी पर बिफरे आयुष मंत्री डॉ. दयालु , अखिलेश यादव पर साधा निशाना



 11/May/26

व्यक्तिगत हमलों और अराजक राजनीति पर उतरी सपा 

वाराणसी, 10 मई। समाजवादी पार्टी के सोशल मीडिया हैंडल से केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी पर की गई टिप्पणी के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। उत्तर प्रदेश सरकार में आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने इसे सपा की “हताशा और राजनीतिक दिवालियापन” का प्रतीक बताया।

डॉ. दयालु ने कहा कि प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी का स्तर लगातार गिर रहा है और विपक्ष वैचारिक मुद्दों की जगह व्यक्तिगत हमलों का सहारा ले रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी राजनीतिक रूप से बैकफुट पर है और अब संयमित संवाद के बजाय अराजक राजनीति कर रही है।

उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में विरोध की भाषा लगातार अमर्यादित होती जा रही है। लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन व्यक्तिगत टिप्पणी स्वस्थ राजनीति का हिस्सा नहीं हो सकती। जनता भी नकारात्मक और कटु राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी।

डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के राजनीतिक जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने पार्षद पद से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की और लगातार सात बार महाराजगंज से चुनाव जीतकर जनसेवा की मिसाल कायम की।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री से लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष तक का उनका सफर संघर्ष, संगठन और मूल्यों की राजनीति का उदाहरण है। साथ ही कहा कि पंकज चौधरी हमेशा समाज और जनता की सेवा के लिए समर्पित रहे हैं।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

2958


सबरंग