MENU

बनारस के MLC हंसराज विश्वकर्मा को योगी मंत्रिमंडल में मिली जगह



 10/May/26

6 नए मंत्री शामिल, 2 नेताओं को प्रमोशन देकर योगी सरकार ने साधा सामाजिक संतुलन

उत्तर प्रदेश में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए और जातीय व क्षेत्रीय समीकरणों को साधने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी सरकार का बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार किया है। लखनऊ स्थित जनभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल द्वारा 6 नए नेताओं को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई, जबकि 2 नेताओं को प्रमोशन देकर नई जिम्मेदारी सौंपी गई।

इस विस्तार में सबसे अहम बात बनारस से आने वाले MLC हंसराज विश्वकर्मा को मंत्री बनाए जाने को लेकर रही, जिससे पूर्वांचल विशेषकर वाराणसी की राजनीतिक अहमियत और बढ़ गई है।

मंत्रिमंडल विस्तार में जिन नेताओं को शामिल किया गया, उनमें भूपेंद्र चौधरी, मनोज पांडे, अजीत पाल, सोमेंद्र तोमर, कृष्णा पासवान, सुरेंद्र दिलेर, हंसराज विश्वकर्मा और कैलाश राजपूत शामिल हैं। इनमें हंसराज विश्वकर्मा और कैलाश राजपूत को राज्य मंत्री बनाया गया है, जबकि अन्य नेताओं को कैबिनेट और स्वतंत्र प्रभार की जिम्मेदारी दी गई है।

जनभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल ने सभी मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। शपथ ग्रहण के दौरान समर्थकों में उत्साह देखने को मिला और कई स्थानों पर जश्न का माहौल रहा।

मंत्रिमंडल विस्तार में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने का प्रयास साफ तौर पर दिखाई देता है। भूपेंद्र चौधरी और मनोज पांडे जैसे नेताओं को शामिल कर संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने का संकेत दिया गया है। वहीं हंसराज विश्वकर्मा और कैलाश राजपूत को राज्य मंत्री बनाकर पिछड़े और अन्य वर्गों को साधने की रणनीति भी सामने आई है।

सूत्रों के अनुसार, यह मंत्रिमंडल विस्तार 2027 विधानसभा चुनाव से पहले की राजनीतिक तैयारी का हिस्सा माना जा रहा है। पार्टी इस कदम के जरिए प्रदेश के विभिन्न वर्गों और क्षेत्रों में अपनी पकड़ को और मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। पिछले कई दिनों से इस विस्तार को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज थीं और कई नामों पर मंथन चल रहा था। अंततः जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए नए चेहरों को मौका दिया गया।

Hansraj Vishwakarma, Yogi Cabinet Expansion, Varanasi News, UP Politics, UP 2027, Yogi Government, Banaras News, Clown Times


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

2517


सबरंग