यह प्रतियोगिता दो वर्गों में सम्पन्न हुई। कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए गणितीय मॉडल प्रदर्शनी तथा कक्षा 9 व 10 के विद्यार्थियों के लिए गणितीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम की रूपरेखा विद्यालय के गणित विभागाध्यक्ष अजय कुमार पाण्डेय एवं उनकी टीम — रविन्द्रनाथ त्रिवेदी, शुभांगी कपूर, वन्दना सारस्वत, रतिखान चन्दानी तथा सोनल प्रसाद — द्वारा तैयार की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनुपम प्रियदर्शी तथा विशिष्ट अतिथि अनूप सिंह और महेन्द्र सिंह यादव (सेवानिवृत्त निरीक्षक, CRPF) का विद्यालय की उप-प्रधानाचार्या प्रत्याशा मैरी ने पारम्परिक रूप से स्वागत किया। अतिथियों के आगमन पर सभागार छात्र-छात्राओं की तालियों से गूंज उठा।
प्रतियोगिता दो चरणों में आयोजित की गई। प्रथम चरण विद्यालय स्तर पर सम्पन्न हुआ, जिसमें लगभग 1500 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। द्वितीय चरण में नगर के 9 प्रतिष्ठित विद्यालयों के 54 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि अनुपम प्रियदर्शी ने विद्यार्थियों की जागरूकता और गणित के प्रति रुचि की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में तार्किक सोच और नवाचार की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रश्नोत्तरी चरण का संचालन Indian Institute of Technology (BHU) के छात्र तिलक गुप्ता एवं शशांक मित्तल ने रोचक अंदाज में किया। निर्णायक मंडल में विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक राजन पाण्डेय एवं मनीष राज शामिल रहे।
विद्यालय की प्रधानाचार्या अनीता पॉलीन डे ने विजेता विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का संचालन सारा रूथ एवं रविन्द्रनाथ त्रिवेदी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन महिमा पगारे द्वारा प्रस्तुत किया गया।