MENU

वाराणसी में अखिल भारतीय चौरसिया महासभा की पत्रकार वार्ता सम्पन्न, गरीब छात्रों के लिए दिल्ली में बनेगा 7 करोड़ का छात्रावास



 08/May/26

वाराणसी। अखिल भारतीय चौरसिया महासभा कोलकाता की ओर से लक्सा स्थित होटल ओके इंटरनेशनल सभागार में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महासभा के पदाधिकारियों ने संगठन की आगामी योजनाओं, ट्रस्ट की गतिविधियों और चुनाव प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी साझा की।

महासभा के पदाधिकारियों ने बताया कि हाजीपुर, पटना (बिहार) में सम्पन्न हुए चुनाव में निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप चौरसिया द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर एवं असक्षम विद्यार्थियों के हित में एक बड़ी पहल की गई है। इसके तहत ऐसे छात्र-छात्राओं को, जो आर्थिक अभाव के कारण आईएएस, पीसीएस, इंजीनियरिंग एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पाते, उन्हें बेहतर शिक्षा और आवास सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

इसी उद्देश्य को साकार करने के लिए “चौरसिया फाउण्डेशन ट्रस्ट” की स्थापना की गई है। ट्रस्ट के माध्यम से दिल्ली के रोहिणी क्षेत्र में लगभग 7 करोड़ रुपये की लागत से 6 मंजिला छात्रावास भवन का निर्माण कराया जा रहा है। यह छात्रावास विशेष रूप से गरीब एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए समर्पित होगा।

महासभा के पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि ट्रस्टीगण की महत्वपूर्ण बैठक 9 मई को होटल रमाडा, रामनगर रोड, कटेसर में आयोजित की जाएगी। वहीं वर्ष 2026-2029 के लिए महासभा की चुनाव प्रक्रिया 10 मई को सम्पन्न कराई जाएगी।

चुनाव अधिकारी के रूप में महेश कानड़ी (उज्जैन), जगत नारायण चौरसिया (सिंगरौली, मध्य प्रदेश) तथा सुरेश चौरसिया (पार्षद, वाराणसी) अपनी जिम्मेदारियां निभाएंगे। नामांकन प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है।

चुनाव प्रक्रिया से पूर्व एक आम सभा का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें पिछले तीन वर्षों में किए गए कार्यों के साथ आय-व्यय का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया जाएगा। इसके पश्चात शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन भी किया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से गंगाबाबू चौरसिया (पूर्व राज्यपाल, सिक्किम), कैलाश नाथ चौरसिया (पूर्व मंत्री, उत्तर प्रदेश), रामेश्वर चौरसिया (पूर्व विधायक, नोखा बिहार), सुरेन्द्र चौरसिया (विधायक, रामपुर कारखाना) तथा आलोक चौरसिया (विधायक, डाल्टेनगंज) की उपस्थिति रहेगी।

पत्रकार वार्ता में प्रदीप चौरसिया, सुधीर चौरसिया, डॉ. अजय चौरसिया, बाबूलाल चौरसिया, टी.एन. चौरसिया, गणेशनी चौरसिया, सोहन लाल चौरसिया एवं विजय चौरसिया सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

वाराणसी समाचार, अखिल भारतीय चौरसिया महासभा, चौरसिया महासभा वाराणसी, दिल्ली छात्रावास योजना, गरीब छात्रों के लिए छात्रावास, रोहिणी दिल्ली हॉस्टल, प्रदीप चौरसिया, वाराणसी प्रेस वार्ता, चौरसिया फाउंडेशन ट्रस्ट, वाराणसी न्यूज, Clown Times News


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

7772


सबरंग