MENU

स्वच्छता सर्वेक्षण में नागरिकों का फीडबैक बनेगा गेम चेंजर, नगर विकास मंत्री ने दिए निर्देश



 08/May/26

वाराणसी। स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 में बेहतर प्रदर्शन को लेकर नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने शुक्रवार को प्रदेश के सभी नगर निगमों के महापौरों, निकाय अध्यक्षों एवं अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की। बैठक में स्वच्छता रैंकिंग सुधारने और नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

वाराणसी नगर निगम सभागार में आयोजित वर्चुअल संवाद के दौरान मंत्री ने कहा कि शहरों को स्वच्छ और सुंदर बनाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण में नागरिकों का फीडबैक सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, इसलिए अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ा जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वच्छता अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जाए और आम लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

वर्चुअल संवाद के बाद महापौर अशोक कुमार तिवारी ने पार्षदों के साथ बैठक कर कहा कि इस बार काशी को स्वच्छता रैंकिंग में शीर्ष पांच शहरों में शामिल कराना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नगर निगम की टीमें लगातार सफाई व्यवस्था को मजबूत करने में जुटी हैं तथा नागरिकों से सकारात्मक फीडबैक देने की अपील की।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शहरवासियों से घरों का गीला और सूखा कचरा अलग-अलग करके कूड़ा गाड़ियों को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता बनाए रखने के लिए यह सबसे जरूरी कदम है।

अपर नगर आयुक्त सविता यादव ने कहा कि स्वच्छता केवल सर्वेक्षण तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे लोगों की आदत और व्यवहार का हिस्सा बनाना होगा। उन्होंने बताया कि वार्ड स्तर पर सफाई मित्रों को सक्रिय किया गया है तथा जागरूकता अभियान तेज किए जा रहे हैं।

नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि काशी की स्वच्छता रैंकिंग सुधारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और इसमें जनता का सहयोग सबसे अहम होगा।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

1295


सबरंग