MENU

बड़ागांव पुलिस व आबकारी टीम की संयुक्त कार्रवाई, 125 लीटर कच्ची शराब बरामद, चार महिलाएं गिरफ्तार



 07/May/26

वाराणसी। थाना बड़ागांव पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने करवल बस्ती में छापेमारी कर 125 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान चार महिलाओं को गिरफ्तार किया गया, जबकि मौके पर संचालित अवैध शराब बनाने की भट्टियों को भी नष्ट कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर बड़ागांव पुलिस एवं आबकारी विभाग की टीम ने करवल बस्ती में दबिश दी। छापेमारी के दौरान करीब 15 अवैध भट्टियां नष्ट की गईं तथा लगभग चार कुंतल लहन को नष्ट कराया गया।

मौके से 10 प्लास्टिक पाइप लगे टीन, 10 खाली बोतलें, पांच एल्यूमीनियम की पतीली और करीब 12 किलो लहन तैयार करने का सूखा सामान भी बरामद हुआ।

गिरफ्तार महिलाओं में अंजनी देवी, सीमा, मेरीका और मीरा देवी शामिल हैं। पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि वे परिवार के भरण-पोषण के लिए कच्ची शराब बनाकर बेचती थीं।

इस मामले में थाना बड़ागांव पर आबकारी अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई में थाना बड़ागांव पुलिस टीम के साथ आबकारी विभाग क्षेत्र-2 की टीम शामिल रही।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

5985


सबरंग