वाराणसी। थाना कैंट पुलिस ने बहला-फुसलाकर घर से गहने हड़पने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकदी और जेवर बरामद किए हैं। कार्रवाई “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार 1 मार्च 2026 को दर्ज मुकदमे में आरोप लगाया गया था कि वादिनी के पुत्र अभिषेक चौबे उर्फ राज को बहला-फुसलाकर आरोपियों ने घर के जेवर अपने कब्जे में ले लिए। बाद में जेवर वापस मांगने पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई।
मामले की जांच के दौरान थाना कैंट पुलिस टीम ने 7 मई 2026 की रात करीब 12:05 बजे फुलवरिया स्थित हजरत बाबा अली बख्स शहीद मजार के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में अमन सेठ (22) और प्रिन्स सेठ (20) निवासी कुम्हारपुरा फुलवरिया, थाना कैंट शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50 हजार रुपये नकद, दो कान की बाली, चार पायल और छह बिछिया बरामद की है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, उपनिरीक्षक दीक्षा पाण्डेय, उपनिरीक्षक शान्तनु मिश्रा, उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह समेत थाना कैंट पुलिस टीम शामिल रही।