MENU

सनबीम के विद्यार्थियों की पुस्तक “गंगा – विस्पर्स ऑफ द रिवर” का विमोचन



 05/May/26

वाराणसी। सनबीम शिक्षण समूह के विद्यार्थियों द्वारा लिखित पुस्तक “गंगा – विस्पर्स ऑफ द रिवर” का विमोचन 5 मई 2026 को सनबीम लहरतारा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में किया गया। यह विद्यार्थियों द्वारा लिखित पुस्तकों की श्रृंखला की पांचवीं कड़ी है।

कार्यक्रम में संकटमोचन मंदिर के महंत एवं पर्यावरणविद प्रोफेसर विश्वम्भर नाथ मिश्र, 39 जीटीसी वाराणसी के स्टेशन कमांडर ब्रिगेडियर जयदीप चंदा, कैंटोनमेंट बोर्ड के सीईओ सत्यम मोहन, शिक्षाविद संदीप सेठी, डॉ दीपक मधोक, भारती मधोक, अमृता बर्मन सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने पुस्तक का लोकार्पण किया।

सनबीम शिक्षण समूह के 23 विद्यार्थी लेखकों ने इस पुस्तक का लेखन एवं संकलन किया है, जिसका संपादन एवं प्रकाशन स्कॉलास्टिक्स राइटर्स अकादमी द्वारा किया गया है। पुस्तक का कवर डिजाइन सनबीम लहरतारा के छात्र कार्तिकेय कुमार गोंड ने तैयार किया है।

यह पुस्तक गंगा के हमारे लोकजीवन में बहुआयामी महत्व, उससे जुड़े संबंधों और आध्यात्मिक चेतना को दर्शाती है। विद्यार्थियों ने अपने-अपने दृष्टिकोण से गंगा को समझते हुए उसके इतिहास, भूगोल, पर्यावरणीय महत्व और सांस्कृतिक विरासत को शब्दों में प्रस्तुत किया है। साथ ही पुस्तक में गंगा के प्रति समाज की जिम्मेदारियों पर भी प्रकाश डाला गया है।

कार्यक्रम में अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक पहल बच्चों में लेखन क्षमता, विचारशीलता और सामाजिक चेतना को मजबूत करती है। वक्ताओं ने गंगा के संरक्षण और उसके प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

सनबीम शिक्षण समूह की निदेशिका अमृता बर्मन ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को इस प्रकार का मार्गदर्शन और आशीर्वाद मिलना उनके लिए बड़ी उपलब्धि है। वहीं अध्यक्ष डॉ दीपक मधोक और उपाध्यक्ष भारती मधोक ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को बधाई देते हुए इसे समाज के लिए एक सार्थक योगदान बताया।

कार्यक्रम की शुरुआत तुलसी के पौधे पर गंगाजल अर्पित कर की गई। इस अवसर पर छात्र राघवेंद्र ने गंगाष्टकम का सस्वर पाठ प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के अभिभावक, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

8382


सबरंग