वाराणसी, 5 मई 2026 (क्लाउन टाइम्स): कमिश्नरेट वाराणसी के अंतर्गत कैंट थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों की धोखाधड़ी और एक युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस आयुक्त के निर्देशन में वरुणा जोन की टीम ने “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत अभियान चलाते हुए आरोपी को 5 मई 2026 को दोपहर करीब 12:15 बजे फुलवरिया स्थित डीएम कम्पाउंड के पास से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूरज कुमार (32 वर्ष), निवासी इन्द्रा चौक, बेतिया, जिला पश्चिमी चम्पारण (बिहार) के रूप में हुई है। आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
प्रकरण के अनुसार, 16 अप्रैल 2026 को दर्ज मुकदमे में आरोप लगाया गया था कि अभियुक्त समेत अन्य लोगों द्वारा वादिनी की बहन को लगातार प्रताड़ित किया गया, जिससे मानसिक रूप से परेशान होकर उसने आत्महत्या कर ली। इस मामले में कुल चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस इससे पहले एक अन्य आरोपी विष्णु जायसवाल को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ वाराणसी के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी और उत्पीड़न से जुड़े कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तारी की इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक शिवाकान्त मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।