MENU

  15 जुलाई तक ऑनलाइन हाउस टैक्स जमा करने पर 12 प्रतिशत छूट, दिव्यांगों को पूर्ण कर माफी



 04/May/26

वाराणसी नगर निगम ने 15 जुलाई तक ऑनलाइन हाउस टैक्स जमा करने पर 12% छूट का ऐलान किया है। दृष्टिहीन व 80% दिव्यांगों को गृहकर, जलकर व सीवर कर पूरी तरह माफ किया गया है।

वाराणसी। नगर निगम ने शहर के 2.33 लाख भवन स्वामियों को राहत देते हुए चालू वित्तीय वर्ष में टैक्स जमा करने पर छूट देने का निर्णय लिया है। 15 जुलाई तक गृहकर, जलकर और सीवर कर जमा करने पर 10 प्रतिशत की छूट दी जाएगी, जबकि ऑनलाइन भुगतान करने पर 12 प्रतिशत की विशेष छूट का प्रावधान किया गया है।

नगर निगम सभागार में महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में हुई कार्यकारिणी बैठक में सामाजिक सरोकारों को ध्यान में रखते हुए दृष्टिहीन और 80 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले भवन स्वामियों के लिए गृहकर, जलकर व सीवर कर को पूर्णतः माफ करने का निर्णय लिया गया। इस लाभ के लिए सक्षम अधिकारी द्वारा जारी प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। जिन भवन स्वामियों ने पहले ही टैक्स जमा कर दिया है, उनकी छूट की राशि अगले वित्तीय वर्ष में समायोजित की जाएगी। व्यापारियों को लाइसेंस शुल्क में भी 10 प्रतिशत की राहत दी गई है।

बैठक में वरुणा कॉरिडोर की स्थिति का मुद्दा उठाया गया। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि सीवर लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण निगम ने इसे अभी तक हैंडओवर नहीं लिया है। वरुणा रिवर फ्रंट परियोजना को शासन से मंजूरी मिल चुकी है। इस परियोजना के तहत वरुणा नदी में गिरने वाले 48 नालों को टैप किया जाएगा, जिसमें शहरी क्षेत्र के 17 खुले नाले भी शामिल हैं। साथ ही, नदी किनारे नई सीवर लाइन बिछाई जाएगी। लगभग डेढ़ वर्ष में पूरा होने वाले इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य नदी को प्रदूषण मुक्त करना और सौंदर्यीकरण करना है।

शहर के विकास और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए नगर निगम ने रक्षा संपदा विभाग और रेलवे की कुछ जमीनों के आदान-प्रदान का प्रस्ताव पारित किया है। इसके तहत विभिन्न स्थानों पर स्थित भूमि के बदले समान मूल्य की भूमि देने की योजना बनाई गई है। लहरतारा में पोर्टेबल कंपेक्टर ट्रांसफर स्टेशन स्थापित करने का भी निर्णय लिया गया है।

आगामी 15 मई 2026 से शुरू होने वाले अधिमास और पंचक्रोशी यात्रा को देखते हुए कार्यकारिणी ने मार्गों की मरम्मत, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय और स्वास्थ्य सुविधाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

सार्वजनिक सुविधाओं में सुधार के तहत शहर के यूरिनल्स को निःशुल्क करने और हिंदी व अंग्रेजी में रेट बोर्ड लगाने का निर्णय लिया गया है। इनके रखरखाव के लिए विशेष एजेंसी नियुक्त की जाएगी।

सिगरा स्थित भारत सेवाश्रम से सुलभ शौचालय तक सड़क किनारे व्यवस्थित फल बाजारविकसित करने की योजना भी बनाई गई है, जिससे यातायात सुगम हो और लोगों को सुविधा मिल सके।

बैठक में उपसभापति नरसिंह दास, कार्यकारिणी सदस्य अमरदेव यादव, प्रमोद राय, हनुमान प्रसाद, प्रवीण राय, सुशील गुप्ता, मदन मोहन तिवारी, राजकुमार चौधरी, अशोक मौर्या, माधुरी सिंह, सुशीला देवी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। इसके अलावा नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, अपर नगर आयुक्त सविता यादव, अमित कुमार, संगम लाल, संयुक्त नगर आयुक्त कृष्ण चंद्र, सहायक नगर आयुक्त अनिल कुमार यादव, जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह, सीटीओ कुमार असीम रंजन, शिखा मौर्या और मुख्य नगर लेखा परीक्षक संजय प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

 


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

4980


सबरंग