शिकायतों पर सख्ती, 3 दिन में मांगे अभिलेख, प्रबंधन ने आरोपों को बताया निराधार
वाराणसी के कोल्हुवा विनायका स्थित ओ ग्रो चिल्ड्रेन्स एकेडमी में जिला विद्यालय निरीक्षक की टीम ने औचक छापेमारी की। जांच में कक्षा 9 से 12 तक अवैध संचालन, महंगी किताबों का दबाव, निर्धारित दुकानों से खरीद की बाध्यता और फीस अनियमितता जैसे गंभीर मामले सामने आए। वहीं विद्यालय प्रबंधन ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए इसे उत्पीड़न की कार्रवाई बताया है।
वाराणसी। शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला विद्यालय निरीक्षक, वाराणसी के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई की गई। मुख्यमंत्री के आईजीआरएस/जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर गठित जांच टीम ने दिनांक 02 मई 2026 को नगर क्षेत्र के कोल्हुवा विनायका स्थित ओ ग्रो चिल्ड्रेन्स एकेडमी में औचक छापेमारी/निरीक्षण किया।
इस जांच टीम में सह जिला विद्यालय निरीक्षक-1 श्री राणा बृजेश कुमार सिशौदिया, सह जिला विद्यालय निरीक्षक-2 श्री राजन सिंह, खण्ड शिक्षा अधिकारी हरहुआ श्री पंकज कुमार, खण्ड शिक्षा अधिकारी श्री स्कन्द गुप्त, खण्ड शिक्षा अधिकारी श्री अखिलेश कुमार यादव तथा खण्ड शिक्षा अधिकारी चोलापुर श्री नागेंद्र सरोज शामिल रहे। टीम ने मौके पर विद्यालय की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कई गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। इनमें अवैध रूप से कक्षा 9 से कक्षा 12 तक कक्षाओं का संचालन, प्राइवेट प्रकाशकों की महंगी पुस्तकों का उपयोग, अभिभावकों को निर्धारित दुकानों से ही पुस्तकें एवं ड्रेस खरीदने के लिए बाध्य करना तथा शुल्क वृद्धि से संबंधित अनियमितताएं प्रमुख रूप से सामने आईं। जांच टीम ने इन सभी बिंदुओं की पुष्टि की।
जांच के उपरांत विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया गया है कि वे तीन दिवस के भीतर समस्त आवश्यक अभिलेख जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में प्रस्तुत करें। जिला विद्यालय निरीक्षक, वाराणसी ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय सीमा में अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जाते अथवा उनमें किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित विद्यालय के विरुद्ध मान्यता निरस्तीकरण, आर्थिक दंड एवं अन्य विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इसी पूरे मामले में विद्यालय संचालक समृद्ध गुप्ता ने Clown Times से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि “हमारे यहां कुछ भी गलत नहीं है। कोचिंग संचालन करना कहीं से गलत नहीं है। हमें बेवजह परेशान किया जा रहा है। शहर में कई ऐसे विद्यालय हैं जहां हाईस्कूल और इंटर की कोचिंग संचालित होती है।” उन्होंने यह भी कहा कि नोटिस का जवाब समय से दिया जाएगा और वे इसे उत्पीड़न की कार्यवाई मानते हैं।
कुल मिलाकर एक ओर जहां प्रशासन ने नियमों के उल्लंघन को लेकर सख्त रुख अपनाया है, वहीं विद्यालय प्रबंधन ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए अपनी स्थिति स्पष्ट की है। अब देखना होगा कि प्रस्तुत किए जाने वाले अभिलेखों और आगे की जांच के आधार पर इस मामले में क्या अंतिम निर्णय सामने आता है।
#VaranasiNews #SchoolRaid #OGrowChildrensAcademy #CBSE #EducationNews #UPNews #SchoolInspection #BreakingNews #HindiNews #ClownTimes #Varanasi #IGRS #EducationSystem #SchoolScam