वाराणसी। वाराणसी ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजिकल सोसायटी (वीओजीएस) तथा हेल्थ स्कैन प्राइवेट लिमिटेड, सुंदरपुर के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को शहर के एक होटल में महिलाओं के स्वास्थ्य विषय पर सतत चिकित्सा शिक्षा (CME) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “महिलाओं में कैंसर एवं एंडोमेट्रियोसिस” रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. अनुराधा खन्ना, डॉ. एल. के. पांडेय एवं सुलेखा पांडेय उपस्थित रहीं। वहीं मुख्य वक्ताओं में एम्स, नई दिल्ली से स्वर्ण पदक प्राप्त कर चुकीं एवं हेल्थ स्कैन की निदेशक डॉ. रश्मि सिंह तथा डॉ. सिमता चंद्रा ने महिलाओं में कैंसर के प्रारंभिक लक्षण, बचाव के उपाय, आधुनिक उपचार पद्धतियों के साथ-साथ एंडोमेट्रियोसिस की पहचान और उपचार पर विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञों के संगठन की अध्यक्ष डॉ. शालिनी टंडन ने कहा कि महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए, ताकि गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान संभव हो सके।
कार्यक्रम में डॉ. विभा मिश्रा, डॉ. नीलम ओहरी, डॉ. लवीना चौबे एवं डॉ. शिखा सचान सहित कई चिकित्सक उपस्थित रहे। विशेषज्ञों ने संयुक्त रूप से बताया कि महिलाओं में कैंसर और एंडोमेट्रियोसिस जैसी बीमारियों की प्रारंभिक पहचान होने पर जटिलताओं से काफी हद तक बचा जा सकता है।
चिकित्सकों ने इस बात पर जोर दिया कि जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है और ऐसे कार्यक्रम समाज में स्वास्थ्य के प्रति समझ बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बड़ी संख्या में चिकित्सकों और प्रतिभागियों की उपस्थिति ने इस आयोजन को सफल और प्रभावी बनाया।