वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर हंगामा और राहगीरों से अभद्रता करने वाले 5 युवकों को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया।
सिगरा क्षेत्र स्थित श्रीराम कॉम्प्लेक्स के पास कुछ युवक राहगीरों, यात्रियों और श्रद्धालुओं से गाली-गलौज कर रहे थे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर सिगरा थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवकों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने और और अधिक उग्र हो गए। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने सभी पांचों को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में कज्जाकपुरा निवासी 30 वर्षीय कुन्दन कुमार और 26 वर्षीय करन कुमार, रामनगर क्षेत्र के 28 वर्षीय जावेद खान, तथा मिर्जापुर जनपद के चुनार क्षेत्र के रहने वाले करीब 30 वर्षीय अवतार और 22 वर्षीय इन्द्र कुमार शामिल हैं।
इस कार्रवाई में थाना सिगरा के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र के नेतृत्व में उपनिरीक्षक कुमार गौरव सिंह, उपनिरीक्षक दुर्गा प्रसाद, कांस्टेबल सदाशिव यादव और कांस्टेबल अविनाश कुमार की टीम शामिल रही।
पुलिस के मुताबिक, शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है।