बूथ स्तर तक जनसंपर्क तेज, महिलाओं के हाथों में पूरी कमान; पीएम मोदी करेंगे संबोधन
वाराणसी (26 अप्रैल): भारतीय जनता पार्टी द्वारा 28 अप्रैल को बरेका परेड ग्राउंड में आयोजित ‘जन-आक्रोश महिला सम्मेलन’ को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस सम्मेलन में देश के प्रधानमंत्री और काशी के सांसद नरेंद्र मोदी के संबोधन का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
रोहनियां स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में सम्मेलन की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने की। बैठक में बताया गया कि कार्यक्रम में 50 हजार महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए बूथ स्तर तक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। महिला मोर्चा की टीमें जिले और महानगर की सभी विधानसभाओं में घर-घर संपर्क कर रही हैं।
दिलीप पटेल ने कहा कि सम्मेलन की पूरी जिम्मेदारी महिलाओं को सौंपी गई है और हर वर्ग की महिलाओं को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर विपक्ष के रुख से महिलाओं में नाराजगी है, जो इस सम्मेलन में देखने को मिल सकती है।
उन्होंने यह भी कहा कि 2026 में प्रधानमंत्री का यह काशी का पहला दौरा होगा, जिसमें वे विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दे सकते हैं।
जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा के अनुसार, प्रधानमंत्री 28 अप्रैल को काशी पहुंचेंगे और 29 अप्रैल को काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन का कार्यक्रम है। उनके स्वागत के लिए बनारस रेलवे स्टेशन, पुलिस लाइन, लहुराबीर, मैदागिन और काशी विश्वनाथ मंदिर समेत कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं।
व्यवस्थाओं पर फोकस
बैठक में सम्मेलन स्थल पर सीटिंग व्यवस्था, वाहन पार्किंग, पेयजल, मीडिया प्रबंधन और सुरक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपनी-अपनी जिम्मेदारियों के साथ तय समय से पहले स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें, ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में राजेश राजभर, नवरतन राठी, अनिल श्रीवास्तव, संतोष सोलापुरकर, निर्मला सिंह पटेल, अपराजिता सोनकर, पूजा दीक्षित, संजय सोनकर, प्रवीण सिंह गौतम, सुरेश सिंह, सुरेंद्र पटेल, खुशबु सिंह, अरविंद पटेल, अरविंद पांडेय, देवेंद्र मोर्या, विनय मोर्या और शैलेंद्र मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।