पहाड़िया से चित्रगुप्त मंदिर तक सफाई अभियान, स्थानीय लोगों के साथ मंत्री ने संभाली झाड़ू
वाराणसी: शहर में स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए रविवार को पहाड़िया चौराहे से चित्रगुप्त मंदिर तक विशेष अभियान चलाया गया। स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने खुद झाड़ू लगाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान “स्वच्छ काशी-सुंदर काशी” और “स्वच्छ भारत-सुंदर भारत” का संदेश दिया गया। मंत्री ने स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर सड़क और आसपास के क्षेत्रों की सफाई की और लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की।
यह स्वच्छता अभियान शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सारनाथ मंडल में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष, पार्षद, पदाधिकारी और क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक भी मौजूद रहे।
अभियान के दौरान साफ-सफाई के साथ-साथ लोगों को स्वच्छता के महत्व के बारे में बताया गया और जनभागीदारी को बढ़ाने पर जोर दिया गया।