MENU

वाराणसी: सामूहिक विवाह में 101 श्रमिक बेटियों की शादी, 85.85 लाख रुपये सीधे खातों में ट्रांसफर



 27/Apr/26

श्रम विभाग की योजना से 101 बेटियों को मिला सहारा, 85 हजार प्रति लाभार्थी DBT के जरिए खाते में जमा

वाराणसी: सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में रविवार को आयोजित मण्डलीय सामूहिक विवाह समारोह में 101 श्रमिक परिवारों की बेटियों की शादी कराई गई। यह आयोजन उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की कन्या विवाह सहायता योजनाके तहत किया गया।

कार्यक्रम में श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार योजनाएं चला रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किए गए प्रयासों से श्रमिकों के बच्चे आगे चलकर डीएम, एसपी, इंजीनियर और डॉक्टर बनेंगे।

मंत्री ने श्रमिकों से अपील की कि वे योजनाओं का लाभ लेने के लिए पंजीकरण कराएं और जागरूक रहें। उन्होंने कहा कि सरकार श्रमिकों के सामाजिक सुरक्षा से जुड़े हर पहलू पर काम कर रही है।

इस सामूहिक विवाह समारोह में वाराणसी मंडल के वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर और चंदौली जिलों की 101 बेटियों का विवाह संपन्न कराया गया। योजना के तहत प्रत्येक लाभार्थी को 85 हजार रुपये की आर्थिक सहायता डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से उनके बैंक खातों में भेजी गई। कुल 85,85,000 रुपये की धनराशि लाभार्थियों को वितरित की गई।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। श्रम विभाग के उप श्रमायुक्त डॉ. महेश कुमार पांडेय ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि यह योजना श्रमिक परिवारों को आर्थिक सहयोग देने के उद्देश्य से चलाई जा रही है।

समारोह में अटल आवासीय विद्यालय के छात्रों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसमें गणेश वंदना, राजस्थानी लोकगीत और कजरी शामिल रहे। इसके अलावा हाईस्कूल परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में अजगरा विधायक त्रिभुवन राम सहित अन्य जनप्रतिनिधि, श्रमिक परिवार और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

 


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

8160


सबरंग