प्रदेशभर से जुटे प्रतिनिधि, लंबित मांगों के समाधान को लेकर जताया रोष
वाराणसी: वाराणसी विकास प्राधिकरण के सभागार में शनिवार को उत्तर प्रदेश विकास प्राधिकरण कर्मचारी संयुक्त संगठन की प्रांतीय बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रांतीय अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई, जिसमें उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा (IAS) और सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा भी शामिल रहे। अपने संबोधन में उपाध्यक्ष ने विभिन्न प्राधिकरणों से आए प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए विकास कार्यों में पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ काम करने पर बल दिया।
बैठक में वाराणसी के साथ-साथ गाजियाबाद, मेरठ, मुरादाबाद, आगरा, मथुरा, लखनऊ, उन्नाव, कानपुर, प्रयागराज, अयोध्या, सहारनपुर और गोरखपुर से आए पदाधिकारियों ने भाग लिया। सभी अतिथियों का माल्यार्पण और प्रतीक चिह्न देकर स्वागत किया गया।
बैठक के दौरान कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित 11 सूत्रीय मांगों को लेकर नाराजगी जताई गई। प्रमुख मांगों में दैनिक वेतन और वर्कचार्ज कर्मचारियों का विनियमितिकरण, सेवा नियमावली का प्रकाशन, वेतन विसंगतियों का समाधान और गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए सरकारी चिकित्सा सुविधा लागू करने की मांग शामिल रही।
इसके अलावा पुरानी पेंशन बहाली, कोरोना काल के 18 महीनों के बकाया एरियर का भुगतान, आठवें वेतन आयोग में पेंशन पुनरीक्षण और महंगाई राहत जारी रखने जैसे मुद्दे भी उठाए गए। अप्रैल 2005 के बाद नियमित किए गए कर्मचारियों की पूर्व सेवा को जोड़कर पेंशन लाभ देने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।
बैठक में विभिन्न प्राधिकरणों के प्रतिनिधियों ने कर्मचारियों की समस्याओं को विस्तार से रखा। कार्यक्रम का संचालन दिवाकर द्विवेदी ने किया, जबकि समापन संतोष कुमार ओझा ने किया।