तीन दिन में 1.20 लाख परीक्षार्थी, ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस का फुल फोकस
वाराणसी, 26 अप्रैल 2026 । कमिश्नरेट वाराणसी में होमगार्ड भर्ती परीक्षा-2025 के तहत 25, 26 और 27 अप्रैल को ऑफलाइन लिखित परीक्षा आयोजित की जा रही है। यह परीक्षा जनपद के 45 केंद्रों पर दो पालियों में संपन्न हो रही है। पहली पाली सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3:00 बजे से 5:00 बजे तक निर्धारित है।
प्रशासन के अनुसार प्रतिदिन करीब 40,224 अभ्यर्थियों के परीक्षा में शामिल होने की संभावना है, जबकि तीन दिनों में कुल लगभग 1,20,672 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
परीक्षा को देखते हुए बलिया, चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर, मऊ, मिर्जापुर और प्रयागराज समेत आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के वाराणसी पहुंचने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
इसी क्रम में 25 अप्रैल को अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों और प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अभ्यर्थियों की एंट्री व्यवस्था, चेकिंग प्रक्रिया, पुलिस बल की तैनाती और ट्रैफिक मैनेजमेंट का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान जेपी मेहता इंटर कॉलेज, यू.पी. कॉलेज और रानी मुरार बालिका इंटर कॉलेज सहित कई परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया गया, जहां पहचान सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।
इसके अलावा शहर के प्रमुख चौराहों, मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर भी सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा अवधि के दौरान सभी केंद्रों पर सतर्कता बनाए रखें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न जुटने दी जाए, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाए और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। अभ्यर्थियों के सुरक्षित आवागमन और परीक्षा के शांतिपूर्ण संचालन को प्राथमिकता दी गई है।
आम जनता से भी अपील की गई है कि परीक्षा के दौरान केंद्रों के आसपास भीड़ न लगाएं और ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। अभ्यर्थियों और अभिभावकों से अनुशासन बनाए रखने और किसी भी अफवाह से दूर रहने को कहा गया है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।