स्मार्ट क्लास, सीसीटीवी और बेसिक सुविधाओं से बदलेंगे सरकारी स्कूलों के हालात
वाराणसी, कलेक्ट्रेट सभागार, वाराणसी में नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) और जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के बीच कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) फंड के तहत जनपद के विद्यालयों के विकास के लिए एक अहम एमओयू साइन किया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, NCL के महाप्रबंधक राजीव रंजन और परियोजना निदेशक संजय कुमार नायक समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
एमओयू के तहत जिले में 6 प्राथमिक/कंपोजिट विद्यालयों का नया निर्माण और 19 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों का नवीनीकरण व पुनरुद्धार किया जाएगा। यह परियोजना शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के स्कूलों को कवर करेगी।
करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इस काम में सिविल निर्माण, बिजली व्यवस्था, पेयजल और शौचालय, सीसीटीवी कैमरे, फर्नीचर और स्मार्ट क्लास जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
बताया गया कि जिन स्कूलों को इस परियोजना में शामिल किया गया है, उनमें से अधिकांश जर्जर स्थिति में हैं। निर्माण और नवीनीकरण के बाद इन स्कूलों की स्थिति में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
स्मार्ट क्लास की सुविधा से छात्रों को तकनीक आधारित आधुनिक शिक्षा मिलेगी, जिससे उनकी सीखने की गुणवत्ता और प्रदर्शन में सुधार होगा।
यह पहल वाराणसी में शैक्षिक ढांचे को मजबूत करने और सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।