MENU

वाराणसी में 28 अप्रैल महिला सम्मेलन को लेकर भाजपा की तैयारी तेज, पंकज चौधरी बोले– “नारी सशक्त होगी तो राष्ट्र मजबूत होगा”



 24/Apr/26

पीएम मोदी के प्रस्तावित दौरे से पहले बूथ स्तर तक अभियान, महिला सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने की रणनीति तैयार

वाराणसी, 24 अप्रैल: 28 अप्रैल को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी दौरे के दौरान आयोजित होने वाले महिला सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए भाजपा ने व्यापक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सर्किट हाउस में भाजपा महिला मोर्चा, जिला और महानगर पदाधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों की अलग-अलग बैठकें आयोजित की गईं।

बैठकों को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने संबोधित किया।

पंकज चौधरी ने कहा कि संगठन में प्रत्येक जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है और सभी कार्यकर्ताओं को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करना चाहिए। उन्होंने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत का संकल्प लिया था, जिसे साकार करने में महिलाओं की भागीदारी अहम है। उन्होंने कहा, “जब नारी सशक्त होती है, तो समाज सशक्त होता है और जब समाज सशक्त होता है, तो राष्ट्र मजबूत होता है।

उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकार की प्राथमिकताओं का जिक्र करते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम, तीन तलाक कानून और पिछड़ा वर्ग आयोग को वैधानिक दर्जा देने जैसे निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार महिलाओं, पिछड़े वर्ग और अनुसूचित जातियों के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि बूथ स्तर तक व्यापक संपर्क अभियान चलाया जाए और प्रत्येक महिला मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल स्वागत का अवसर नहीं, बल्कि महिलाओं के साथ संवाद और उनके सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाने का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि सम्मेलन की जिम्मेदारी महिलाओं के नेतृत्व में ही पूरी की जाएगी, जिससे यह संदेश जाएगा कि महिलाएं हर जिम्मेदारी निभाने में सक्षम हैं।

कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत और विषय प्रस्तावना क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने प्रस्तुत की। महिला मोर्चा की बैठक में धन्यवाद ज्ञापन महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने किया, जबकि जिला व महानगर पदाधिकारियों की बैठक में धन्यवाद ज्ञापन जिलाध्यक्ष और एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने किया। कार्यक्रम का संचालन अनिल श्रीवास्तव ने किया।

बैठक में पंकज चौधरी, धर्मपाल सिंह, दिलीप पटेल, रविन्द्र जायसवाल, अशोक तिवारी, डॉ नीलकंठ तिवारी, अश्विनी त्यागी, हंसराज विश्वकर्मा, धर्मेंद्र सिंह, प्रदीप अग्रहरि, शंकर गिरी, मीना चौबे, पूनम मौर्या, अशोक चौरसिया, कुसुम पटेल और विनिता चौरसिया सहित कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा जिला, महानगर और क्षेत्रीय पदाधिकारियों की बैठक में नवरतन राठी, जगदीश त्रिपाठी, राहुल सिंह, नवीन कपूर, संतोष सोलापुरकर, सुरेश सिंह, आत्मविशेश्वर, अशोक पटेल, मधुकर चित्रांश, अशोक यादव, अभिषेक मिश्रा, सुरेंद्र पटेल, पवन सिंह, अरविन्द पटेल, प्रवीण सिंह गौतम, संजय सिंह और फौजदार सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

महिला मोर्चा की बैठक में निर्मला सिंह पटेल, साधना वेदांती, गीता शास्त्री, पूजा दीक्षित, सुरेखा सिंह, नेहा कक्कड़, खुशबु सिंह और उषा मौर्य समेत बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रहीं।

 


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

5215


सबरंग