उद्योग बंधु बैठक में निवेश बढ़ाने पर जोर, 192 एमओयू साइन; निवेश मित्र पोर्टल पर 406 आवेदन स्वीकृत
वाराणसी, 24 अप्रैल: जिले में औद्योगिक विकास और निवेश को गति देने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु समिति एवं एमओयू क्रियान्वयन इकाई की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने की, जिसमें निवेश प्रस्तावों की प्रगति और उद्यमियों की समस्याओं की समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निवेशकों की समस्याओं का त्वरित और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि उद्योगों को प्रोत्साहन देने और निवेश को धरातल पर उतारने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
उपायुक्त उद्योग ने जानकारी दी कि जिले में अब तक 192 एमओयू के माध्यम से ₹21,356.32 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें से 93 परियोजनाएं पूरी तरह से संचालित हो चुकी हैं, जिनमें ₹5228.54 करोड़ का निवेश लागू हो चुका है। इसके अलावा 26 परियोजनाओं पर कार्य तेजी से जारी है।
निवेश मित्र पोर्टल की समीक्षा के दौरान बताया गया कि चालू वित्तीय वर्ष में प्राप्त 606 आवेदनों में से 406 को स्वीकृति दी जा चुकी है, जो प्रशासनिक कार्यप्रणाली की दक्षता को दर्शाता है। जिलाधिकारी ने वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) सहित संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि निवेशकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जाए।
औद्योगिक आस्थान चांदपुर से जुड़े मुद्दों पर भी बैठक में चर्चा हुई। विद्युत बिल भुगतान, लोडिंग-अनलोडिंग में आ रही बाधाओं और ट्रकों की आवाजाही से संबंधित समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में उपस्थित उद्यमियों ने जिले में बेहतर होते निवेश माहौल और प्रशासनिक सहयोग की सराहना की। साथ ही औद्योगिक क्षेत्रों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने और सूखे पेड़ों को हटाने जैसे सुझाव भी दिए। जिलाधिकारी ने इन सभी मुद्दों पर संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके अलावा निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, नए औद्योगिक क्षेत्र के विकास और पिछली बैठक के निर्देशों के अनुपालन की भी समीक्षा की गई। सभी मामलों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के लिए उपलब्ध सरकारी सुविधाओं, अनुदानों और योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक निवेशक आकर्षित हो सकें।
जिलाधिकारी ने उद्यमियों और निवेशकों से अपील करते हुए कहा कि जिले में उद्योग स्थापना के लिए अनुकूल वातावरण, त्वरित स्वीकृतियां और प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध है। इच्छुक निवेशक आगे आएं, जिला प्रशासन हर स्तर पर सहयोग के लिए तैयार है।
बैठक में उपायुक्त उद्योग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।