वाराणसी। संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल, कोइराजपुर द्वारा आयोजित "अतुलानंद टेस्ट ऑफ मेरिट स्कॉलरशिप (एटम्स)" परीक्षा के अंतर्गत मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कक्षा 6 एवं कक्षा 9 के उन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय द्वारा संचालित इस प्रतिष्ठित परीक्षा के अंतर्गत कक्षा 6 के चयनित विद्यार्थियों को आगामी तीन वर्षों (कक्षा 6 से 8) तथा कक्षा 9 के विद्यार्थियों को दो वर्षों (कक्षा 9 एवं 10) तक उनके प्रदर्शन के आधार पर 100%, 75% एवं 50% तक की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है।
समारोह में गिलट बाजार शाखा के कक्षा 6 के विद्यार्थियों ने भी अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मेरिट सूची में स्थान हासिल किया। कार्यक्रम के दौरान सभी चयनित विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के सचिव राहुल सिंह, निदेशिका डॉ. वंदना सिंह, उपनिदेशक आयुष्मान सिंह एवं प्रधानाचार्या डॉ. नीलम सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह में विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों की सहभागिता ने आयोजन को और भी प्रेरणादायी बना दिया।
सचिव राहुल सिंह ने कहा कि “प्रतिभा को सही दिशा और अवसर मिल जाए, तो वह निश्चित रूप से बड़ी उपलब्धियों का आधार बनती है। एटम्स परीक्षा इसी दिशा में एक सशक्त पहल है।” उन्होंने अभिभावकों की भूमिका को भी अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए बच्चों के प्रति उनके सहयोग और विश्वास को सफलता की कुंजी बताया।
निदेशिका डॉ. वंदना सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “यह सम्मान आपके संघर्ष, धैर्य और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। इसे एक नई शुरुआत के रूप में लें और और अधिक ऊँचाइयों को प्राप्त करें।”
प्रधानाचार्या डॉ. नीलम सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि “मेहनत और अनुशासन ही सफलता की असली कुंजी हैं।” उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखते रहने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी, साथ ही वर्तमान सत्र से सीबीएसई द्वारा विषय चयन से संबंधित नए नियमों की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानना, उन्हें प्रोत्साहित करना तथा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता को बढ़ावा देना रहा। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी मेधावी विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।