MENU

पूर्व मंत्री डॉ नीलकंठ तिवारी ने वाराणसी में 6.9 करोड़ की विकास परियोजनाओं का किया शिलान्यास



 23/Apr/26

वाराणसी, 23 अप्रैल 2026: वाराणसी के दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी ने गुरुवार को करीब 6.9 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं के तहत आदि विश्वेश्वर, गोला दीनानाथ, बिंदुमाधव, प्रहलाद घाट और काल भैरव वार्ड की सड़कों और आंतरिक गलियों का पुनर्निर्माण किया जाएगा। खास बात यह है कि इन कार्यों में नई तकनीक का उपयोग किया जाएगा, जिससे गलियों को चूहों द्वारा क्षतिग्रस्त होने से बचाया जा सके। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री डॉ नीलकंठ तिवारी ने कहा कि ये विकास कार्य नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि दक्षिणी विधानसभा को “समस्या मुक्त” बनाने के लक्ष्य के साथ सभी सड़कों और गलियों को बेहतर और टिकाऊ बनाया जा रहा है। परियोजना के तहत गलियों में पहले पीसीसी (Plain Cement Concrete) बेस तैयार किया जाएगा और उसके ऊपर पत्थर लगाए जाएंगे, जिससे मजबूती बढ़ेगी और रखरखाव की समस्या कम होगी। वहीं काल भैरव से प्रहलाद घाट को जोड़ने वाली जर्जर सड़क को पूरी तरह सीसी रोड में बदला जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, पार्षद और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। यह परियोजना वाराणसी के शहरी विकास और आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

1350


सबरंग