MENU

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में किया श्री कालभैरव व काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजन, बीएलडब्ल्यू में तैयारियों का लिया जायजा



 22/Apr/26

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित दौरे को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा, निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश; बच्चों से मिलकर दिखाई आत्मीयता


वाराणसी, 21 अप्रैल 2026 | उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे पर पहुंचे। शहर आगमन के बाद उन्होंने सर्किट हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित दौरे के दृष्टिगत प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में सुरक्षा, व्यवस्थाओं, यातायात प्रबंधन, प्रोटोकॉल और कार्यक्रम की रूपरेखा पर गहन चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी तैयारियां समयबद्ध, व्यवस्थित और त्रुटिरहित ढंग से पूरी की जाएं।

समीक्षा बैठक के उपरांत मुख्यमंत्री ने काल भैरव मंदिर पहुंचकर विधिवत दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर में भी श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं का भी उन्होंने जायजा लिया।

मंदिर से बाहर निकलते समय मुख्यमंत्री का एक सहज और मानवीय पक्ष देखने को मिला। माला-फूल की दुकान पर बैठी एक छोटी बच्ची को देखकर वे ठिठक गए और उसे स्नेहपूर्वक दुलारते हुए बातचीत की। इस दौरान उसकी बड़ी बहन भी उनके पास आ गई। मुख्यमंत्री ने दोनों बच्चियों से पढ़ाई के बारे में पूछा और उन्हें मन लगाकर पढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए आशीर्वाद दिया। उन्होंने मौके पर मौजूद उनके परिजनों से भी संवाद कर हालचाल जाना, जिससे वहां मौजूद लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने बनारस लोकोमोटिव वर्क्स (बीएलडब्ल्यू) का दौरा किया, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर की जा रही तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंच, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, पार्किंग, बैरिकेडिंग, जनसभा स्थल और अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और सभी व्यवस्थाएं उच्च स्तर की हों।

इस दौरान उनके साथ श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क, पंजीयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी, विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा, राय धर्मेंद्र सिंह, अश्वनी त्यागी, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक डॉ. अवधेश सिंह उपस्थित रहे।

प्रशासनिक अधिकारियों में मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, एडीजी जोन पियूष मोर्डिया, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा तथा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी तत्परता से जुटने के निर्देश दिए।

(क्लाउन टाइम्स के लिए विस्तृत रिपोर्ट)


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

4601


सबरंग