MENU

DALIMSS Sunbeam Group of Schools & Hostel के छात्रों का CBSE 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन



 16/Apr/26

वाराणसी स्थित डेलिम्स सनबीम स्कूल के छात्रों ने 10वीं बोर्ड परीक्षा में शानदार परिणाम देकर विद्यालय का नाम किया रोशन

वाराणसी: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद (CBSE) द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित होने के साथ ही DALIMSS Sunbeam Group of Schools & Hostel के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। विद्यालय के परिणाम इस वर्ष भी अत्यंत सराहनीय रहे।

संस्था के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप बत्रा ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग से यह उपलब्धि संभव हो पाई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सत्र 2025-26 की बोर्ड परीक्षा में विद्यालय के कुल 323 छात्र-छात्राएं शामिल हुए, जिनमें से सभी ने सफलता प्राप्त की। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय में उत्सव का माहौल बन गया और छात्र-छात्राओं के परिजनों के फोन लगातार आते रहे।

विद्यालय के मेधावी छात्रों में अर्चित सक्सेना एवं श्रेया गुप्ता ने 98.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं एंजल वर्मा एवं श्रेया राज ने 98.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। उल्लेखनीय है कि 150 छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय की उपलब्धि को और ऊंचा किया।

इस अवसर पर संस्था के ज्वाइंट डायरेक्टर ने सभी छात्रों को उनकी सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि यह परिणाम छात्रों की कड़ी मेहनत और शिक्षकों की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को अपने सपनों को साकार करने के लिए आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा दी।

विद्यालय की निदेशिका श्रीमती पूजा बत्रा ने भी छात्रों की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रणाली को दर्शाती है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्रधानाचार्य श्रीमती गुरप्रीत कौर ने अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता केवल छात्रों की मेहनत का परिणाम नहीं बल्कि विद्यालय की शिक्षण पद्धति और अनुशासन की भी जीत है। उन्होंने सभी छात्रों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय परिवार के सभी शिक्षकों, उप-प्रधानाचार्यों एवं स्टाफ ने भी छात्रों को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

3673


सबरंग