MENU

लखनऊ–सुलतानपुर–वाराणसी रेल खंड का निरीक्षण, स्टेशनों पर निर्माण और यात्री सुविधाओं की समीक्षा



 15/Apr/26

अमृत भारत योजना के कार्यों की जांच | वाराणसी जंक्शन पर समीक्षा बैठक | समयसीमा में गुणवत्ता पूर्ण कार्य के निर्देश

वाराणसी। उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पांडे और मंडल रेल प्रबंधक लखनऊ सुनील कुमार वर्मा ने 14 अप्रैल 2026 को लखनऊसुलतानपुरवाराणसीकाशी रेल खंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न स्टेशनों पर चल रहे निर्माण कार्यों और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया गया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हो रहे विकास कार्यों पर विशेष फोकस रहा। उतरेटिया जंक्शन स्टेशन पर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके बाद निहालगढ़ और अढ़नपुर स्टेशनों के बीच अप लाइन पर स्लीपर बदलने के कार्य का निरीक्षण कर गुणवत्ता और गति की जानकारी ली गई।

इसके पश्चात सुलतानपुर और शिवपुर रेलवे स्टेशनों पर चल रहे विकास कार्यों का अवलोकन किया गया और संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

वाराणसी जंक्शन पर सुविधाओं का जायजा

निरीक्षण के अगले चरण में टीम वाराणसी पहुंची, जहां वाराणसी जंक्शन स्टेशन पर न्यू फुट ओवर ब्रिज के प्रथम तल के पास स्थित एसी वेटिंग हॉल का निरीक्षण किया गया। इसके साथ ही बुकिंग कार्यालय, रेल कोच रेस्टोरेंट और सर्कुलेटिंग एरिया का भ्रमण कर यात्री सुविधाओं की स्थिति देखी गई।

इस दौरान मीडिया प्रतिनिधियों और यूनियन पदाधिकारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने गए।

समीक्षा बैठक में दिए निर्देश

वाराणसी जंक्शन पर अधिकारियों के साथ एक विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों और यात्री सुविधाओं के उन्नयन से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी परियोजनाएं तय समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं, ताकि यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित सुविधाएं मिल सकें।

काशी स्टेशन का भी निरीक्षण

इसके बाद काशी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया गया, जहां अमृत भारत योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों का अवलोकन किया गया। यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

निरीक्षण का क्रम देर शाम तक जारी रहा और गौरीगंज व बछरावां स्टेशनों तक पहुंचा।

इस दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक लखनऊ शूरवीर सिंह चौहान, अपर मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी बी.के. यादव, स्टेशन निदेशक वाराणसी अर्पित गुप्ता सहित निर्माण और गति शक्ति विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

 


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

5068


सबरंग