अब नहीं लगाने होंगे दफ्तर के चक्कर- ऑनलाइन आवेदन, ट्रैकिंग और पारदर्शी प्रक्रिया-डिजिटल इंडिया की दिशा में बड़ा कदम
वाराणसी। वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) ने नागरिक सुविधाओं को आसान और पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ऑनलाइन NOC प्रणाली की शुरुआत कर दी है। 7 अप्रैल 2026 को प्राधिकरण मुख्यालय में इस नई डिजिटल सेवा का औपचारिक शुभारम्भ किया गया।
इस मौके पर सचिव वेद प्रकाश मिश्रा, अपर सचिव गुडाकेश शर्मा और नगर नियोजक प्रभात कुमार भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मीडिया को ऑनलाइन NOC प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई और इसके उपयोग की पूरी प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन भी किया गया।
घर बैठे मिलेगी NOC सुविधा
नई ऑनलाइन व्यवस्था के तहत अब नागरिकों को विभिन्न प्रकार की NOC प्राप्त करने के लिए कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। यह प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल, सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाई गई है, जिससे लोगों के समय और संसाधनों की बचत होगी।
इन सेवाओं के लिए कर सकेंगे आवेदन
ऑनलाइन NOC प्रणाली के माध्यम से नागरिक अब निम्नलिखित सेवाओं के लिए आवेदन कर सकेंगे:
आवेदक पोर्टल पर आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर सकते हैं और अपने आवेदन की स्थिति (Application Status) को ऑनलाइन ट्रैक भी कर सकते हैं। प्रक्रिया के हर चरण की जानकारी डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे पारदर्शिता और बढ़ेगी।
ई-गवर्नेंस को मिलेगा बढ़ावा
प्राधिकरण के अनुसार, यह पहल नागरिक सेवाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे NOC जारी करने की प्रक्रिया तेज होगी और अनावश्यक देरी की समस्या में कमी आएगी। यह व्यवस्था ई-गवर्नेंस और डिजिटल इंडिया अभियान के अनुरूप लागू की गई है।
ऐसे करें आवेदन
नागरिक VDA की आधिकारिक वेबसाइट www.vdavns.com और noc.vdavns.com पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल पर उपलब्ध दिशा-निर्देशों का पालन कर आसानी से NOC के लिए आवेदन किया जा सकता है।
वाराणसी विकास प्राधिकरण का कहना है कि भविष्य में भी नागरिकों को बेहतर और आधुनिक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए इस तरह की डिजिटल सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।