आगजनी मामले में जांच तेज, कई विभागों की रिपोर्ट पर होगी कार्रवाई
Clown Times | वाराणसी। नई सड़क क्षेत्र में स्थित होटल HM में आग लगने की घटना के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। लक्सा थाना पुलिस ने मंगलवार को होटल को सील करते हुए मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। मामले में फायर विभाग की नोटिस के साथ अब एडीएम प्रोटोकॉल और पर्यटन विभाग की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
शॉर्ट सर्किट से लगी थी भीषण आग
रविवार रात होटल HM में एसी में शॉर्ट सर्किट के चलते आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। आग के दौरान चार राज्यों से आए कई पर्यटक होटल में फंस गए थे। स्थानीय लोगों, पुलिस और फायर सर्विस की मदद से सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घटना में 5 लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि 6 लोगों को हल्की चोटें आईं। सभी घायलों का इलाज कराने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
PDR मॉल के पीछे दर्जनों अवैध होटल संचालित
क्लाउन टाइम्स की पड़ताल में सामने आया कि थाना लक्सा क्षेत्र में PDR मॉल के पीछे लंबे समय से दर्जनों अवैध होटल संचालित हो रहे हैं।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक थाना लक्सा, राजू सिंह ने बताया कि होटल लाइसेंस देने की जिम्मेदारी एडीएम प्रोटोकॉल की होती है। उन्होंने कहा कि आगजनी की घटना के बाद होटल HM इंटरनेशनल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि उनके क्षेत्र में संचालित होटल काशी विला और होटल श्रीधरा के खिलाफ पहले शिकायतें मिली थीं, जिन पर कार्रवाई की जा चुकी है। बावजूद इसके PDR के पीछे कई होटल बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के अब भी संचालित हो रहे हैं।
ADM प्रोटोकॉल व पर्यटन विभाग जांच में जुटे
एडीएम प्रोटोकॉल वाराणसी विनय कुमार ने कैमरे पर कुछ भी बोलने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि उनका कर्मचारी शिवम पूरी जानकारी उपलब्ध कराएगा कि होटल को संचालन की अनुमति थी या नहीं।
जिला प्रशासन ने एडीएम प्रोटोकॉल और पर्यटन विभाग से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट मिलने के बाद होटल को स्थायी रूप से सीज करने की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, फायर विभाग ने सुरक्षा मानकों में कमी को लेकर होटल मालिक को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
गौरतलब है कि VDA से मानचित्र स्वीकृति के बिना किसी भवन को होटल संचालन का लाइसेंस नहीं दिया जाता। ऐसे में चार मंजिला होटल HM को किस आधार पर लाइसेंस मिला, यह जांच का विषय बना हुआ है।
होटल HM के बाद होटल फरहान को भी नोटिस
होटल HM से सटे 5 मंजिला होटल फरहान को भी पुलिस और फायर विभाग ने नोटिस जारी किया है। आग से सुरक्षा के इंतजामों को लेकर जवाब मांगा गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर इस होटल पर भी सीज की कार्रवाई की जा सकती है।
होटल फरहान के मैनेजर दिलशेर अहमद खान ने बताया कि उनका होटल पूरी तरह नियमों और कानून के तहत संचालित हो रहा है और लाइसेंस चार मालिकों के नाम पर विधिवत पंजीकृत है।
पूर्व जांच के बाद भी क्यों नहीं बंद हुए अवैध होटल?
कुछ माह पूर्व जिला प्रशासन के निर्देश पर एडीएम प्रोटोकॉल, पर्यटन विभाग, पुलिस, अग्निशमन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने थाना दशाश्वमेध और गोदौलिया क्षेत्र में दर्जनों होटलों की जांच की थी। जांच में कई होटलों को अवैध मानते हुए सील करने की कार्रवाई की गई थी और जिम्मेदारी पुलिस को सौंपी गई थी।
इसके बावजूद होटल रूद्राक्ष विला, होटल अगस्तो, गार्डेन इन, होटल नमस्ते बनारस, बनारस पैलेस, द बनारस होटल समेत कई होटल आज भी संचालित हो रहे हैं।
कोतवाली क्षेत्र के GRS पैलेस में भी हो चुकी है आगजनी
थाना कोतवाली क्षेत्र के बुलानाला चौराहे के पास स्थित होटल GRS पैलेस में सितंबर 2024 में आगजनी की घटना हो चुकी है। यह होटल स्कूल परिसर में अवैध रूप से संचालित बताया गया था।
इसी परिसर में चिल्ड्रेन्स एकेडमी स्कूल संचालित है, जहां सैकड़ों बच्चे पढ़ते हैं। संकरी गली (करीब 4 फीट चौड़ी) में बने 5 मंजिला व्यावसायिक निर्माण में होटल GRS और शिवलिंगम इन का संचालन अब भी जारी है, जो सुरक्षा के लिहाज से गंभीर सवाल खड़े करता है।
कार्रवाई या फिर जांच तक सीमित रहेगा मामला?
होटल HM में आगजनी की घटना के बाद अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि जिला प्रशासन अवैध होटलों के खिलाफ ठोस कार्रवाई करता है या पूर्व की तरह कुछ समय बाद मामला ठंडे बस्ते में चला जाता है।
Keywords: Varanasi Hotel Fire, Nai Sadak Hotel HM Fire, Laxa Police Action, Hotel Sealed Varanasi, Fire Safety Violation, Hotel Farhan Notice, Varanasi Fire News, Tourism Safety Varanasi