वाराणसी : कैंट थाना क्षेत्र के नदेसर स्थित Hotel West Inn में युवती को गोली मारने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से अवैध पिस्टल, जिंदा कारतूस और अन्य सामान भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 11 अप्रैल 2026 की है, जब एक युवक और युवती होटल के कमरा नंबर 307 में ठहरे हुए थे। देर रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने युवती को गोली मार दी। घटना के बाद दोनों होटल से बाहर निकल गए और मामले को छिपाने की कोशिश की गई।
इस बीच Singh Hospital से पुलिस को एक युवती के गोली लगने की सूचना मिली। जांच में सामने आया कि घायल युवती को होटल से ही लाया गया था। इसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
कैंट थाना पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी शुभम राय (34 वर्ष) निवासी चकलोला, थाना कपसेठी को 13 अप्रैल 2026 को सैनिक अस्पताल के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से .32 बोर की अवैध पिस्टल, जिंदा कारतूस, एक खोखा, ₹1060 नकद और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी ने आपसी विवाद के चलते युवती को गोली मारी थी। इस संबंध में थाना कैंट में धारा 109 बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई को के निर्देश पर “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत अंजाम दिया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र के साथ उपनिरीक्षक सत्यम कुमार चौरसिया, उपनिरीक्षक सुमित पांडेय (चौकी प्रभारी नदेसर) समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।