वाराणसी, 12 अप्रैल: देश की सुप्रसिद्ध गायिका आशा भोसले के निधन की खबर से संगीत जगत और उनके करोड़ों प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई है। उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
अपने शोक संदेश में डॉ. मिश्र ने कहा कि आशा भोसले की अनुपम और जादुई आवाज़ ने मानवीय भावनाओं के हर रंग को जीवंत किया। उनके गीत पीढ़ियों तक लोगों के दिलों में गूंजते रहेंगे। उन्होंने कहा कि आशा जी हमारे राष्ट्र की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर की एक जीवंत पहचान थीं।
डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने आगे कहा कि आशा भोसले के गीत न केवल उनके, बल्कि करोड़ों लोगों के जीवन का अभिन्न हिस्सा रहे हैं। उनका योगदान भारतीय संगीत जगत में सदैव अमिट रहेगा।
उन्होंने इस दुखद घड़ी में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि आशा जी की महान विरासत सदैव अमर रहेगी और उनकी मधुर आवाज़ हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेगी।