MENU

Clown Times | वाराणसी चौक थाना पुलिस की सख्त कार्रवाई: POCSO केस में वांछित आरोपी गिरफ्तार, 5 साल से कर रहा था उत्पीड़न



 12/Apr/26

नाबालिग से शुरू हुआ पीछा और मानसिक प्रताड़ना, शिकायत के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने दबोचा आरोपी

वाराणसी: चौक थाना क्षेत्र में यौन उत्पीड़न और POCSO एक्ट से जुड़े एक गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल के निर्देश पर चल रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई, जिसमें चौक थाना पुलिस की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।

मामला 11 अप्रैल 2026 को सामने आया, जब पीड़िता के पिता ने थाना चौक में तहरीर देकर आरोप लगाया कि समीर हासमी नाम का युवक उनकी 19 वर्षीय बेटी को पिछले करीब 5 वर्षों से लगातार परेशान कर रहा है। शिकायत के मुताबिक, जब पीड़िता मात्र 14 वर्ष की थी, तभी से आरोपी ने झूठे प्रेम का झांसा देकर उसका पीछा करना और मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। इस कारण परिवार को लगातार भय और असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा था।

तहरीर के आधार पर थाना चौक में मुकदमा संख्या 0066/2026 दर्ज किया गया, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 78, 331(6), 351(3) और POCSO एक्ट की धारा 9L/10 शामिल की गईं।

मामला दर्ज होते ही पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई शुरू की और 12 अप्रैल 2026 को नीची बाग पोस्ट ऑफिस के पास से आरोपी समीर हासमी (24 वर्ष), निवासी सीके 62/68 बलुआ गली, काशीपुरा, थाना चौक, वाराणसी को गिरफ्तार कर लिया।

इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा के निर्देशन में किया गया। टीम में उपनिरीक्षक प्रणव पाण्डेय (चौकी प्रभारी काशीपुरा) और कांस्टेबल कुँवर बहादुर सिंह भी शामिल रहे, जिनकी भूमिका गिरफ्तारी में अहम रही।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।

चौक थाना पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के प्रति सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

1417


सबरंग