भूकंप, आग और बाढ़ से बचाव के उपाय सिखाए, मॉक ड्रिल और CPR प्रशिक्षण से छात्रों को किया जागरूक
वाराणसी। वाराणसी के बराई, बड़ागांव स्थित माइक्रोटेक कॉलेज में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की 11वीं बटालियन द्वारा आपदा जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को प्राकृतिक और मानव जनित आपदाओं के प्रति जागरूक करना तथा उनसे सुरक्षित रहने के व्यावहारिक उपाय सिखाना रहा।
प्रशिक्षण सत्र में NDRF टीम के इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बल के गठन और इसकी भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभिन्न बड़ी आपदाओं के बाद वर्ष 2006 में NDRF का गठन किया गया और वर्तमान में देशभर में इसकी 16 यूनिट कार्यरत हैं।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों को भूकंप, आग और बाढ़ जैसी आपदाओं के समय अपनाए जाने वाले जरूरी कदमों की जानकारी दी गई। साथ ही, आपात स्थिति में घबराने के बजाय सूझबूझ और सतर्कता के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया। प्राथमिक उपचार, CPR और आपदा के बाद राहत कार्यों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की गई।
मॉक ड्रिल के माध्यम से विद्यार्थियों को वास्तविक परिस्थितियों का अनुभव कराया गया, जिससे वे आपातकाल में त्वरित और सही निर्णय लेने के लिए तैयार हो सकें। सुरक्षित निकासी और बचाव कार्यों की व्यावहारिक ट्रेनिंग ने कार्यक्रम को और प्रभावी बनाया।
कॉलेज प्रशासन की ओर से इस पहल की सराहना करते हुए कहा गया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्रों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में NDRF टीम के सदस्य रामाशंकर, प्रदीप सिंह, राहुल कुमार और विष्णु भगत उपस्थित रहे। कॉलेज की ओर से रजिस्ट्रार जय मंगल सिंह ने टीम का स्वागत किया।