वाराणसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री पुर्ण बोरा द्वारा आज उपाध्यक्ष कार्यालय में ऑनलाइन NOC प्रणाली (Online NOC System) का औपचारिक शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा, अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा तथा नगर नियोजक प्रभात कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों को नई प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई तथा इसके उपयोग की प्रक्रिया का प्रदर्शन भी किया गया।
नागरिकों के लिए बड़ी सुविधा
इस नवीन डिजिटल सेवा के माध्यम से अब नागरिकों को विभिन्न प्रकार की NOC प्राप्त करने के लिए कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी। ऑनलाइन व्यवस्था से आवेदन प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी, समयबद्ध एवं सुगम हो जाएगी, जिससे समय एवं संसाधनों की बचत होगी।
उपलब्ध सेवाएँ
ऑनलाइन प्रणाली के अंतर्गत नागरिक निम्नलिखित NOC के लिए आवेदन कर सकेंगे:
धारा 80 NOC (Section 80)
लैंड यूज NOC (Land Use)
बार NOC
सराय NOC
पेट्रोल पम्प NOC
पटाखा लाइसेंस NOC
आवेदक पोर्टल के माध्यम से आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर सकते हैं तथा अपने आवेदन की स्थिति (Application Status) भी ऑनलाइन देख सकते हैं। साथ ही, प्रत्येक चरण की जानकारी डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी।
अधिकारियों का वक्तव्य
उपाध्यक्ष श्री पुर्ण बोरा ने बताया कि यह पहल नागरिक सेवाओं को डिजिटल माध्यम से सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने से NOC जारी करने की प्रक्रिया में तेजी आएगी और अनावश्यक विलम्ब में कमी आएगी। यह पहल शासन की ई-गवर्नेंस (e-Governance) एवं डिजिटल इंडिया के उद्देश्यों के अनुरूप है।
आवेदन कैसे करें
नागरिक निम्न वेबसाइट्स पर जाकर आसानी से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं:
पोर्टल पर उपलब्ध दिशानिर्देशों का पालन करते हुए आवेदक सरल प्रक्रिया के माध्यम से अपनी NOC के लिए आवेदन कर सकते हैं।
वाराणसी विकास प्राधिकरण नागरिकों को आधुनिक, पारदर्शी एवं सुगम सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा भविष्य में भी ऐसी जनहितकारी डिजिटल सुविधाएँ प्रदान करता रहेगा।