घरेलू विवाद बना मौत की वजह, कई दिनों से लापता थी महिला, नौगढ़ के जंगलों में सर्च ऑपरेशन जारी
चंदौली। जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र के बिछिया खुर्द गांव में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक पति ने अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी और शव को जंगल में फेंक दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मृतका सोनी खरवार की शादी वर्ष 2020 में चकिया वार्ड नंबर 07 निवासी गौतम खरवार के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही दंपति के बीच संबंध सामान्य नहीं थे और अक्सर विवाद होता रहता था।
बीते कुछ दिनों से सोनी का अपने मायके पक्ष से संपर्क नहीं हो पा रहा था, जिससे परिजन चिंतित हो गए। काफी प्रयास के बाद भी बात न होने पर परिजनों ने सदर कोतवाली पहुंचकर पुलिस से शिकायत की।
पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू किए जाने पर हत्या का खुलासा हुआ। आरोप है कि गौतम खरवार ने लोहे की रॉड से पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने चार पहिया वाहन की मदद से शव को नौगढ़ क्षेत्र के जंगलों में फेंक दिया।
मायका पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ जारी है। वहीं पुलिस टीम नौगढ़ के जंगलों में शव की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चला रही है।
घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।