वाराणसी, 5 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी के 6 अप्रैल को मनाए जाने वाले स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर काशी क्षेत्र में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। वाराणसी सहित क्षेत्र के सभी 16 जिलों में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कार्यालयों को स्वच्छ, सुसज्जित और उत्सवमय रूप दिया।
अभियान की शुरुआत भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने रोहनिया स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में झाड़ू लगाकर की। इस दौरान उन्होंने स्वयं सफाई करते हुए उपस्थित कार्यकर्ताओं को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया। उनके साथ जिलाध्यक्ष एवं एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा समेत अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कार्यालय के सभी कक्षों की गहन सफाई की। झाड़ू-पोछा के साथ पानी से धुलाई कर परिसर को पूरी तरह स्वच्छ बनाया गया। साथ ही महापुरुषों की प्रतिमाओं और चित्रों की भी विशेष रूप से सफाई की गई तथा परिसर में एकत्रित कचरे का समुचित निस्तारण किया गया।
स्वच्छता अभियान के उपरांत स्थापना दिवस को भव्य बनाने के लिए कार्यालयों की सजावट का कार्य भी तेज कर दिया गया। फूलों और आकर्षक लाइटिंग से पूरे परिसर को सजाया जा रहा है, जिसकी तैयारियां देर शाम तक जारी रहीं।
इस अवसर पर दिलीप पटेल ने कहा कि भाजपा कार्यालय कार्यकर्ताओं के लिए केवल संगठनात्मक केंद्र नहीं, बल्कि संस्कारों की पाठशाला और मंदिर के समान है। उन्होंने कहा कि यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति स्वच्छता को अपने जीवन का हिस्सा बना ले तो इससे न केवल मानव कल्याण होगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी नई दिशा मिलेगी। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि नरेंद्र मोदी ने 2 अक्टूबर 2014 को काशी से स्वच्छता अभियान की शुरुआत की थी, जो आज जन आंदोलन का रूप ले चुका है।
स्थापना दिवस के कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि 7 अप्रैल को प्रत्येक बूथ पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं भारत माता के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। साथ ही बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं का एकत्रीकरण और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के संबोधन का आयोजन किया जाएगा। कार्यकर्ताओं से अपने-अपने घरों पर पार्टी ध्वज फहराकर स्थापना दिवस को उत्साहपूर्वक मनाने और कार्यक्रमों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करने का आह्वान किया गया।
जिलाध्यक्ष एवं एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि स्वच्छता का सीधा संबंध स्वास्थ्य से है। उन्होंने कहा कि घर और कार्यालय दोनों स्थानों का स्वच्छ रहना आवश्यक है, क्योंकि स्वच्छ वातावरण से शरीर और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
काशी क्षेत्र के मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने बताया कि 6 अप्रैल को अपराह्न 1 बजे रोहनिया स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में स्थापना दिवस के अवसर पर भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहेंगे।
अभियान के दौरान प्रमुख रूप से हंसराज विश्वकर्मा, राजेश राजभर, सुरेंद्र पटेल, प्रवीण सिंह गौतम, श्रीप्रकाश शुक्ला, संतोष सोलापुरकर, डॉ. जेपी दुबे, उषा मौर्या, पवन सिंह, अरविंद पटेल, विपिन पाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
BJP स्थापना दिवस 2026, वाराणसी भाजपा स्वच्छता अभियान, काशी क्षेत्र भाजपा समाचार, Dilip Patel BJP, Hansraj Vishwakarma Varanasi, BJP Office Cleaning Campaign, Varanasi Political News