अप्रैल 2022 से निरंतर खिचड़ी प्रसाद वितरण, सेवा और सहयोग की मिसाल बनता अभियान
वाराणसी। चौक क्षेत्र में शनिवार को सामाजिक संस्था ‘संकल्प’ द्वारा संचालित ‘संकल्प अन्न क्षेत्र’ के अंतर्गत खिचड़ी प्रसाद वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। संस्था के सहयोगियों ने राहगीरों, श्रमिकों और श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से प्रसाद वितरित किया।
यह सेवा अभियान अप्रैल 2022 से प्रत्येक शनिवार को लगातार संचालित हो रहा है। इसके साथ ही विभिन्न पर्वों और विशेष अवसरों पर भी आयोजन किया जाता है। अब तक इस पहल के तहत 230 से अधिक कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो चुके हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत संकटमोचन हनुमान मंदिर में भोग अर्पित कर की गई। इसके बाद कन्हैयालाल गुलालचंद सर्राफ के सामने प्रसाद वितरण शुरू हुआ, जहां बड़ी संख्या में लोग प्रसाद लेने पहुंचे और देर तक वितरण जारी रहा।
पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में सेवा, भक्ति और सामाजिक सहयोग का माहौल देखने को मिला। लोगों ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में आपसी सहयोग और संवेदनशीलता को मजबूत करते हैं।
संस्था के संरक्षक अनिल कुमार जैन ने कहा कि जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने की भावना ही समाज को सशक्त बनाती है। उन्होंने बताया कि ‘संकल्प अन्न क्षेत्र’ के माध्यम से संस्था लगातार सेवा और सहयोग की परंपरा को आगे बढ़ा रही है।
कार्यक्रम के सफल संचालन में अनुज केसरी और मृदुला अग्रवाल की प्रमुख भूमिका रही।
इस अवसर पर अनिल कुमार जैन, गिरधर दास अग्रवाल (मद्रास क्लॉथ सेंटर), संतोष अग्रवाल (कर्णघंटा), संजय अग्रवाल (गिरिराज), राजेंद्र अग्रवाल (माड़ी वाले), अमित श्रीवास्तव, प्रमोद, भईया लाल सहित कई सदस्य और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।