MENU

मिर्जामुराद पुलिस ने मंगलसूत्र छीनने वाली महिला को किया गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद



 03/Apr/26

वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में पुलिस ने मंदिर में महिलाओं से मंगलसूत्र छीनने वाली आरोपी महिला को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से चोरी का मंगलसूत्र और नकदी बरामद हुई।

वाराणसी । मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में पुलिस ने झपट्टा मारकर महिलाओं के मंगलसूत्र छीनने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया मंगलसूत्र और नकदी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, 3 अप्रैल 2026 को मिर्जामुराद थाने की टीम ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर मेहंदीगंज अंडरपास के पास से एक महिला को गिरफ्तार किया गया। आरोपी की पहचान उषा (उम्र लगभग 50 वर्ष), निवासी महाराजगंज परसइया, थाना गाजीपुर कोतवाली के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान महिला के पास से एक लाल रंग का पर्स बरामद हुआ, जिसमें 200 रुपये नकद और एक पारदर्शी पन्नी में रखा मंगलसूत्र मिला। बरामद मंगलसूत्र में पीली धातु का लॉकेट और काले मोतियों का टूटा हुआ धागा शामिल है।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 2 अप्रैल 2026 को प्रतापपुर स्थित शीतला माता मंदिर में भीड़ का फायदा उठाकर दो महिलाओं के गले से मंगलसूत्र काटे थे। आरोपी ने बताया कि एक मंगलसूत्र 700 रुपये में बेच दिया था, जिसमें से 500 रुपये खर्च कर चुकी है और शेष 200 रुपये उसके पास से बरामद हुए।

इस मामले में पीड़िता द्वारा पहले ही मिर्जामुराद थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसमें मंदिर परिसर में अज्ञात व्यक्ति द्वारा मंगलसूत्र छीनने की जानकारी दी गई थी। जांच के दौरान साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई आगे बढ़ाई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर दिया है।

 


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

5052


सबरंग