MENU

“VDA का मेगा बजट 2026–27: वाराणसी के इंफ्रास्ट्रक्चर और टाउनशिप विकास को नई रफ्तार”



 02/Apr/26

वाराणसी विकास प्राधिकरण ने 2,866.20 करोड़ का महत्वाकांक्षी बजट किया पारित

वाराणसी। वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) ने वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए 2,866.20 करोड़ का महत्वाकांक्षी बजट पारित किया है। इस बजट में शहर के नियोजित विस्तार, आधुनिक टाउनशिप और आधारभूत संरचना विकास को प्राथमिकता दी गई है।

VDA की स्थापना 19 अगस्त 1974 को वाराणसी के समग्र एवं योजनाबद्ध विकास के उद्देश्य से की गई थी। प्रारंभ में इसका अधिकार क्षेत्र लगभग 793 वर्ग किलोमीटर था, जिसमें महापालिका क्षेत्र सहित 635 गांव शामिल थे। वर्ष 2024 में नगर क्षेत्र के विस्तार के बाद 215 नए राजस्व ग्रामों को शामिल किया गया, जिससे अब कुल विकास क्षेत्र बढ़कर 1073 वर्ग किलोमीटर हो गया है।

प्राधिकरण का कार्यक्षेत्र गंगा नदी के दोनों किनारों तक फैला हुआ है, जो इसे भौगोलिक रूप से दो भागों में विभाजित करता है। VDA द्वारा सड़क, सीवर, जल निकासी, आवासीय योजनाएं और टाउनशिप जैसे प्रमुख विकास कार्य संचालित किए जाते हैं।

आय और व्यय में बड़ा उछाल

वित्तीय वर्ष 2025–26 में लगभग 378 करोड़ आय और 467.50 करोड़ व्यय का प्रावधान था। वहीं 2026–27 के लिए परिचालन आय 2,070.61 करोड़ अनुमानित है, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 448% अधिक है। व्यय 2,069.07 करोड़ प्रस्तावित है, जो लगभग 343% की वृद्धि दर्शाता है।

टाउनशिप और इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस

नए बजट में शहर के विस्तार, सड़क निर्माण, आधारभूत ढांचे और नई टाउनशिप परियोजनाओं पर विशेष जोर दिया गया है। भूमि विक्रय और प्रतिकर बजट का सबसे बड़ा राजस्व स्रोत रहेगा, जिससे ₹1,206.31 करोड़ प्राप्त होने का अनुमान है। इसके अलावा विभिन्न विस्तार योजनाओं के लिए ₹575 करोड़ का प्रावधान किया गया है।

1700 करोड़ प्रतिकर भुगतान की तैयारी

मढ़नी, गंजारी और कल्लीपुर टाउनशिप योजनाओं के तहत चालू वित्तीय वर्ष में लगभग ₹1,700 करोड़ प्रतिकर राशि वितरित किए जाने की संभावना है। इसे इन परियोजनाओं को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

बढ़ सकती है वास्तविक आय

मानचित्र स्वीकृति की तेज प्रक्रिया और नई टाउनशिप योजनाओं के जरिए भूमि के बेहतर मौद्रीकरण से वास्तविक आय प्रस्तावित आंकड़ों से अधिक रहने की संभावना जताई गई है। इससे प्राधिकरण की वित्तीय स्थिति और मजबूत होगी।

शहर के विकास को नई दिशा

यह बजट वाराणसी के तेजी से हो रहे शहरी विस्तार, नई आवासीय परियोजनाओं और जनसुविधाओं को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा। VDA की योजनाबद्ध रणनीति शहर को आधुनिक, सुव्यवस्थित और विकसित शहरी केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

 


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

5690


सबरंग