वाराणसी, 30 मार्च 2026। धर्मनगरी काशी में खेल और सामाजिक सरोकार का बड़ा संगम देखने को मिलेगा। शहर के सिगरा स्थित डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में 1 से 5 अप्रैल तक Rotary Premier League (RPL) 2026 का आयोजन किया जाएगा। इस क्रिकेट लीग में कुल 16 टीमें हिस्सा लेंगी और मुकाबले प्रतिदिन सुबह 6 से 9 बजे तथा शाम 6 बजे से खेले जाएंगे।
टूर्नामेंट का उद्घाटन 1 अप्रैल को शाम 5 बजे सांसद और अभिनेता Manoj Tiwari करेंगे। आयोजन स्व. डॉ. नंद लाल अग्रवाल की स्मृति को समर्पित है।
लीग मुकाबले 10-10 ओवर के होंगे, जबकि सेमीफाइनल और फाइनल 12-12 ओवर के प्रारूप में खेले जाएंगे। विजेता टीम को 51 हजार रुपये, उपविजेता को 25 हजार रुपये और सेमीफाइनलिस्ट टीमों को 15-15 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
रोटरी क्लब बनारस के अध्यक्ष रोटेरियन विजय जायसवाल ने बताया कि यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं को मंच देने और समाज में सकारात्मक ऊर्जा फैलाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि यह पहल Narendra Modi के ‘खेलो इंडिया’ विजन के अनुरूप युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करने का प्रयास है।
रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन डॉ. आशुतोष अग्रवाल के अनुसार, लीग का उद्देश्य खेल के साथ सेवा, सहयोग और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना है। रोटरी प्रीमियर लीग के चेयरमैन रोटेरियन मनीष पांडेय ने इसे भविष्य में बड़े स्तर पर ले जाने की बात कही, जबकि मुख्य सलाहकार रोटेरियन आलोक पारिख ने कहा कि यह आयोजन युवाओं में अनुशासन, टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता विकसित करेगा।
टूर्नामेंट के चौथे दिन 4 अप्रैल को पूर्व खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं 5 अप्रैल को फाइनल मुकाबले के बाद रात 9 बजे भव्य अवार्ड सेरेमनी आयोजित होगी, जिसमें विजेता और उपविजेता टीमों के साथ-साथ सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, बेस्ट बैट्समैन और बेस्ट बॉलर को सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन के तहत 5 अप्रैल को महिलाओं का एक विशेष मैच भी खेला जाएगा, जो नारी शक्ति को समर्पित होगा और महिला खिलाड़ियों को मंच प्रदान करेगा।
इस लीग की एक खास पहल सामाजिक सेवा से जुड़ी है। रोटरी क्लब बनारस द्वारा इसके माध्यम से करीब 500 दिव्यांगजनों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधाएं और कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
यह आयोजन ओमेगा प्लस हॉस्पिटल, अरवाचिन हॉस्पिटल, इन्फिनिटी हॉस्पिटल, अवध ग्रुप और सुविधा साड़ी के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। संपूर्ण कार्यक्रम रोटरी परिवार के वरिष्ठ मार्गदर्शकों रोटेरियन डॉ. आशुतोष अग्रवाल, रोटेरियन पूनम गुलाटी (DGE) और रोटेरियन दिनेश गर्ग (DGN) के मार्गदर्शन में संपन्न होगा।
आयोजकों ने शहर के खेल प्रेमियों और नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस आयोजन का हिस्सा बनें।