वाराणसी (भेलूपुर): भगवान पारसनाथ की जन्मस्थली भेलूपुर में रविवार को श्री दिगंबर जैन समाज काशी के प्रतिष्ठा चुनाव भारी गहमागहमी के बीच संपन्न हुए। चुनाव में समाज के विभिन्न पदों पर नए पदाधिकारियों का चयन किया गया।
अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में ऋषभ चंद्र जैन ने 165 मत प्राप्त कर जीत हासिल की, जबकि उनके प्रतिद्वंदी विनोद कुमार जैन (रज्जू भैया) को 117 वोट मिले। वहीं उपाध्यक्ष पद पर राकेश जैन ने 163 मत पाकर जीत दर्ज की और राजेश जैन जोहरी को 115 वोटों के साथ हार का सामना करना पड़ा।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर अरुण कुमार जैन (अन्नू भैया) ने संजय जैन को 6 वोटों से हराया। प्रधानमंत्री पद पर प्रदीप चंद्र जैन ने 152 मत प्राप्त कर तरुण जैन (मंटू) को 25 वोटों के अंतर से पराजित किया।
कोषाध्यक्ष पद पर सौरभ जैन और सहायक कोषाध्यक्ष पद पर विनोद कुमार जैन (जाली वाले) चुने गए। इन्होंने क्रमशः वीरेंद्र कुमार जैन और गौरव जैन (लाल फाटक) को हराया।
मंत्री भंडार की जिम्मेदारी प्रमोद बागड़ा को सौंपी गई। विभागीय मंत्रियों के रूप में भेलूपुर स्थित भगवान पारसनाथ जन्मस्थली के लिए पवन जैन और राहुल जैन को संयुक्त रूप से नियुक्त किया गया। भगवान श्रेयांसनाथ जन्मस्थली के मंत्री अदिस जैन बने।
इसके अलावा, पंचायती जैन मंदिर के मंत्री रोहित कुमार जैन (गोदा वाले), खोजवा जैन मंदिर के मंत्री दीपक जैन, तथा नरिया जैन मंदिर के संयुक्त मंत्री अजीत जैन और आलोक कुमार जैन बनाए गए।
समाज के प्रवक्ता के रूप में किशोर जैन को जिम्मेदारी दी गई, जबकि सांस्कृतिक मंत्री के रूप में राकेश कुमार जैन ने विजय हासिल की। ईशान जैन (सिंघई) भेलूपुर अस्पताल के मंत्री चुने गए और आशीष जैन शास्त्र मंत्री के रूप में निर्विरोध निर्वाचित हुए।
कार्य समिति के चुनाव में भी कुल 31 सदस्यों का चयन किया गया। चुनाव अधिकारी विनय कुमार जैन (पप्पू भैया) ने परिणामों की घोषणा करते हुए सभी विजयी उम्मीदवारों को बधाई दी और समाज के विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
राकेश जैन
उपाध्यक्ष, दिगंबर जैन समाज काशी