वाराणसी, 28 मार्च 2026। उत्तर प्रदेश के आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन मंत्री डा. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कहा कि प्रदेश आज विकास, विश्वास और आत्मनिर्भरता के नए युग में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने कहा कि “नया उत्तर प्रदेश” अब केवल एक संकल्प नहीं, बल्कि तेजी से साकार होती सशक्त वास्तविकता है।
मंत्री डा. मिश्र पश्चिम बंगाल के चुनावी अभियान से वाराणसी लौटने के बाद महमूरगंज स्थित अपने कैम्प कार्यालय में स्थानीय लोगों से मुलाकात कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के प्रथम चरण का उद्घाटन तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इस महत्वाकांक्षी परियोजना का साकार होना, उत्तर प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
डा. मिश्र ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों, विशेष रूप से कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की नीतियों एवं लापरवाही के कारण यह परियोजना वर्षों तक लंबित रही। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार की स्पष्ट नीयत, मजबूत इच्छाशक्ति और निर्णायक नेतृत्व के चलते यह परियोजना अब साकार हो पाई है।
मंत्री ने कहा कि यह विश्वस्तरीय एयरपोर्ट प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा और निवेश, व्यापार तथा रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा। इससे उत्तर प्रदेश वैश्विक स्तर पर एक मजबूत आर्थिक केंद्र के रूप में स्थापित होगा।
उन्होंने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सभी जनप्रतिनिधियों तथा परियोजना से जुड़े किसानों के प्रति आभार व्यक्त किया और प्रदेशवासियों को इस उपलब्धि की बधाई दी।
इस अवसर पर मंत्री के जनसंपर्क अधिकारी गौरव राठी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
Noida International Airport Jewar, Jewar Airport Opening, Uttar Pradesh Development News, Yogi Adityanath Projects, Narendra Modi UP News, Varanasi News, UP Investment and Employment