वाराणसी। सामाजिक संस्था संकल्प द्वारा संचालित संकल्प अन्न क्षेत्र के अंतर्गत शनिवार को चौक क्षेत्र में श्रद्धा, सेवा और समर्पण के साथ खिचड़ी प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं, राहगीरों, श्रमिकों एवं जरूरतमंदों को प्रेमपूर्वक प्रसाद वितरित किया गया।
श्री संकटमोचन हनुमान जी को विधिवत भोग अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके पश्चात कन्हैयालाल गुलालचंद सर्राफ के समक्ष व्यवस्थित रूप से प्रसाद वितरण प्रारंभ किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर संस्था के इस सेवा कार्य की सराहना की।
पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, सेवा और मानवता का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रसाद प्राप्त करने वालों के चेहरों पर संतोष और प्रसन्नता इस प्रयास की सार्थकता को स्पष्ट कर रही थी। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल को समाज में सहयोग, करुणा और सद्भाव को सुदृढ़ करने वाला बताया।
संस्था के संस्थापक सदस्य आलोक कुमार जैन ने कहा, “हर जरूरतमंद की तकलीफ हमें यह सिखाती है कि हम केवल अपने लिए नहीं, बल्कि एक-दूसरे के सहारे बनने के लिए हैं। आपसी सहयोग और संवेदनशीलता ही वह ताकत है, जो इन पीड़ाओं को कम कर सकती है। संकल्प अन्न क्षेत्र के माध्यम से हम हर जरूरतमंद तक सहयोग पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।”
कार्यक्रम के सफल संचालन में समाजसेवी श्रीमती आशा अग्रवाल, विनम्र अग्रवाल, श्रीमती संध्या जैन, नगर के प्रमुख चिकित्सा हर्षित जैन एवं श्रीमती मृदुला अग्रवाल का विशेष योगदान रहा।
इस अवसर पर संस्था के संस्थापक सदस्य आलोक कुमार जैन, गिरधर दास अग्रवाल (मद्रास क्लॉथ सेंटर), संतोष अग्रवाल (कर्णघंटा), संजय अग्रवाल (गिरिराज), राजेंद्र अग्रवाल (माड़ी वाले), अमित श्रीवास्तव, प्रमोद, भईया लाल, मनीष सहित अनेक सदस्य एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।