वाराणसी, 26 मार्च। शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में वासंतिक नवरात्र की अष्टमी के अवसर पर मातृशक्ति अभिनंदन एवं फलाहार कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन राम कटोरा स्थित सरोजा पैलेस में शहर दक्षिणी विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें 1500 से अधिक मातृशक्ति का सम्मान किया गया।
वर्ष 2017 से निरंतर आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम का यह 15वां संस्करण रहा। आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी रही। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने मातृशक्ति को अंगवस्त्र ओढ़ाकर तथा पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। साथ ही सभी को फलाहार वितरित किया गया, जिससे कार्यक्रम का धार्मिक एवं सामाजिक महत्व और अधिक बढ़ गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि सनातन संस्कृति में मातृशक्ति को सर्वोच्च स्थान प्राप्त है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति ही सृष्टि की जननी है और वही समाज के पालन-पोषण एवं संरक्षण का आधार है। उन्होंने कहा कि जब भी देश या समाज पर कोई संकट आता है, मातृशक्ति ही उसकी रक्षा में अग्रणी भूमिका निभाती है। उन्होंने यह भी कहा कि वैदिक काल से ही मातृशक्ति का योगदान महत्वपूर्ण रहा है और वेदों की रचना में भी उनका विशेष स्थान है।
डॉ. तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में वर्ष 2017 से वासंतिक एवं शारदीय नवरात्र के अवसर पर यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि काशी में स्थित नव देवियां एवं नव गौरी के अधिकांश मंदिर शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में ही स्थित हैं, जो इस क्षेत्र की धार्मिक महत्ता को दर्शाता है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से महिलाओं को राजनीतिक क्षेत्र में 33 प्रतिशत आरक्षण देने का ऐतिहासिक कार्य किया गया है।
भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने अपने संबोधन में कहा कि मातृशक्ति ही समाज की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा हमें शक्ति प्रदान करती हैं, मां सरस्वती ज्ञान देती हैं और मां लक्ष्मी समृद्धि का आशीर्वाद देती हैं। पूर्व महापौर मृदुला जायसवाल ने कहा कि जहां महिलाओं का सम्मान होता है, वहीं देवताओं का वास होता है।
कार्यक्रम का संचालन नेहा कक्कड़ ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन साधना वेदांती द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर गुजरात के पूर्व विधायक जगदीश पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में उत्साह और श्रद्धा का वातावरण बना रहा।